छोटी-छोटी बातों पर विवाद, मारपीट, यहां तक कि हत्या अब आम बात होती जा रही है। रोज देशभर में ऐसे कई मामले सामने आते हैं। यहां जो दो मामले आए हैं, उनमें शराब की लत कॉमन है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
By Arvind Dubey
Publish Date: Wed, 12 Jun 2024 02:29:35 PM (IST)
Up to date Date: Wed, 12 Jun 2024 02:54:44 PM (IST)
HighLights
- दोनों घटनाक्रम महाराष्ट्र के
- पुणे में पड़ोसी ने की पड़ोसी की हत्या
- ठाणे में शराबी पिता बना हत्या
एजेंसी, पुणे (Maharashtra Crime Information)। महाराष्ट्र से मानवता को शर्मसार करने वाली दो खबरें आई हैं। पुणे में एक पड़ोसी ने पानी मांगने पर दूसरे की हत्या कर दी। वहीं ठाणे में एक शराबी पिता ने कागज की गेंद मुंह में ठूंस कर 9 साल के मासूम बेटे की हत्या कर दी।
पुणे: पसंद नहीं आया देर रात पानी मांगना
राकेश गायकवाड़ और श्रीकांत आल्हाट पुणे के मूंडवा क्षेत्र में रहते हैं। दोनों के बीच में पहले से मनमुटाव था। घटनाक्रम सोमवार रात का है। श्रीकांत पानी मांगने राकेश के पास गया। इसी दौरान कहासुनी शुरू हो गई। राकेश ने गुस्से में आकर धारदार हथियार और सीमेंट के ब्लॉक से श्रीकांत पर हमला कर दिया।
सिर में चोट लगने के कारण श्रीकांत वहीं बेहोश होकर गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादा खून बहने से मौत हुई है।
पुलिस के मुताबिक, श्रीकांत को शराब की लत थी। राकेश से उसके संबंध अच्छे नहीं थे। 35 वर्षीय राकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ठाणे: शराब ने तोड़ा घर, अब बेटे की जान भी ले ली
यह घटना मुंबई से सटे ठाणे के वाशाला में हुई। सोमवार रात सूचना आई कि 59 वर्षीय शख्स ने अपने 9 साल के बेटे की हत्या कर दी। शख्स शराब के नशे में था। उसने कागज की गेंद बनाकर मासूम के मुंह में ठूंस दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
शख्स अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। बेटा मां के पास रहता था। बेटा गायब हुआ तो परिजन ने पुलिस में सूचना दी। शख्स द्वारा बेटे की हत्या किए जाने का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।





