पुलिस के अनुसार दवा व्यापारी घनश्यामदास अग्रवाल तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली चलाई। इससे पहले बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया था। दवा व्यापारी भुगतान लेकर लौट रहे थे। बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इंदरगढ़ में गोली मारकर लूटपाट करने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। दो वर्ष पूर्व एक सराफा कारोबारी के साथ भी लूटपाट की घटना बदमाशों ने की थी।
By Kuldeep Saxena
Edited By: Kuldeep Saxena
Publish Date: Solar, 09 Jun 2024 09:08:33 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 10 Jun 2024 01:04:18 PM (IST)
घनश्यामदास अग्रवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया-इंदरगढ़। रविवार शाम इंदरगढ़ में दवा व्यवसाई की अज्ञात तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बदमाश सेवढ़ा रोड की तरफ भाग निकले। घटना के बाद इंदरगढ़ बाजार में दहशत फैल गई।
दवाइयों के थोक व्यापारी व दतिया केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्यामदास अग्रवाल पुत्र हरचरण दास अग्रवाल निवासी बड़ा बाजार रविवार को दतिया से कार में सवार होकर इंदरगढ़ के मेडिकल स्टोर व निजी अस्पतालों को सप्लाई की जाने वाली दवाओं का भुगतान लेने गए थे।
वह सेवढ़ा रोड स्थित बाबरी सरकार मंदिर के पास श्रीकृष्ण मेडिकल स्टोर व वृंदावन हास्पिटल से भुगतान लेने के बाद मंदिर दर्शन करने के लिए रुक गए। जैसे ही वह दर्शन करके लौटे इसी बीच तीन नकाबपोश अज्ञात बदमाश बाइक से वहां आ पहुंचे। जिन्होंने अग्रवाल से उनका बैग छीनने की कोशिश की।
जब छीनाझपटी में वह असफल रहे तो उनमें से एक बदमाश ने कट्टे से दवा व्यवसाई को गोली मार दी। गोली पीठ में लगने से गंभीर घायल दवा व्यवसाई वहां गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और दवा व्यवसाइ का कार चालक तारिक वहां दौड़कर पहुंचा।
आसपास के लोगों की मदद से घायल अग्रवाल को इंदरगढ़ अस्पताल उनकी ही कार से लाया गया। जहां से उन्हें दतिया रेफर कर दिया गया। दतिया में उनकी हालत नाजुक देख तत्काल ग्वालियर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही अग्रवाल की मौत हो गई।
सीसीटीवी कैमरे में पुलिस को मिले घटना के फुटेज
घटना की खबर मिलने पर एएसपी सुनील शिवहरे व एसडीओपी अखिलेशपुरी गोस्वामी तत्काल इंदरगढ़ पहुंचे। जहां उन्होंने टीआई उपेंद्र दुबे के साथ घटना स्थल का मुआयना किया। इस दौरान पुलिस ने सेवढ़ा रोड स्थित वृंदावन हास्पिटल व एक अन्य मेडिकल स्टोर पर लगे सीसीटीवी कैमरों से घटना के फुटेज खंगाला। पुलिस की मानें तो सीसीटीवी में घटना के फुटेज मिले हैं। जिनके आधार पर बदमाशों की पहचान की जाएगी।
आसपास के लोगों से भी पुलिस ने पूछतांछ की है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मुताबिक बदमाश सेवढ़ा की तरफ से आए थे जो घटना के बाद उसी दिशा में भागे हैं। बताया जाता है तीन बदमाशों में एक हेलमेट लगाए हुए था। जबकि दो बदमाश मुंह पर तौलियां बांधे थे।
हर माह भुगतान के लिए जाते थे इंदरगढ़
इंदरगढ़ स्थित मेडिकल स्टोर संचालकों के मुताबिक 73 वर्षीय घनश्यामदास अग्रवाल दतिया में गुप्ता मेडीकल एजेंसी के नाम से दवाओं का थोक कारोबार करते थे। वह इंदरगढ़ में मेडीकल स्टाेरों को भेजी जाने वाली दवाओं का भुगतान लेने हर माह आते थे। घटना वाले दिन भी रविवार को वह भुगतान के लिए ही वहां गए थे। इस बीच यह बड़ा हादसा हो गया। घनश्यामदास के छोटे भाई भी दतिया के तलैया मोहल्ला में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं।
इंदरगढ़ में पहले भी हो चुकी हैं गनशाट की घटनाएं
इंदरगढ़ में गोली मारकर लूटपाट करने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। लगभग दो वर्ष पूर्व एक सराफा कारोबारी के साथ भी लूटपाट की घटना बदमाशों ने की थी। इस दौरान उन्होंने काराेबारी को उसके घर के पास ही गोली मार दी थी। इस दौरान बदमाश जेबरात भी लूट ले गए थे। इस तरह की एक अन्य घटना भी इंदरगढ़ में ही घटित हुई थी। इस बार भी नकाबपोश बदमाशों ने दवा कारोबारी को गोली मारकर लूटपाट को अंजाम देने की कोशिश की है।