Balaghat Crime: सराफा कारोबारी को गोली मारकर लूटने वालों की छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिलों में तलाश
पुलिस कप्तान के निर्देशन में चार टीमें बनाई गई हैं, जो जगह-जगह दबिश दे रही हैं। पुलिस इस वारदात के पीछे छत्तीसगढ़ राज्य के बदमाशों की संलिप्तता मान रही है। रविवार को बिरसा थाना क्षेत्र के दमोह में लगे साप्ताहिक बाजार से सराफा कारोबारी भोलेश्वर सोनेकर घर लौट रहे थे। उसके साथ 15 वर्षीय भतीजा नरेंद्र भी था।
By Sandeep Chourey
Publish Date: Mon, 10 Jun 2024 04:41:27 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 10 Jun 2024 07:09:12 PM (IST)
HighLights
- बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मानेगांव की घटना।
- रविवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम।
- सराफा कारोबारी के साथ तमंचे की नोक पर लूटपाट की।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट । बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मानेगांव में रविवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर सराफा कारोबारी को धमकाया और लूटपाट की। इसी दौरान हुई फायरिंग में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में लुटेरे करीब 300 ग्राम सोने के जेवर और 10 किलो चांदी लूट ले गए। पुलिस कप्तान के निर्देशन में चार टीमें बनाई गई हैं, जो जगह-जगह दबिश दे रही हैं। पुलिस इस वारदात के पीछे छत्तीसगढ़ राज्य के बदमाशों की संलिप्तता मान रही है।
.jpg)
सोनकर से लौट रहे थे सराफा कारोबारी भोलेश्वर
रविवार को बिरसा थाना क्षेत्र के दमोह में लगे साप्ताहिक बाजार से सराफा कारोबारी भोलेश्वर सोनेकर घर लौट रहे थे। उसके साथ 15 वर्षीय भतीजा नरेंद्र भी था। दोनों मानेगांव और अजगरा के बीच पहुंचे तो तालाब के पास बाइक से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोकर सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग छीन लिया।
पड़ोसी राज्य के बदमाशों पर शंका
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि जिस स्थान पर कारोबारी के साथ लूट की घटना हुई है, वह छत्तीसगढ़ से लगा हुआ है, इसलिए पुलिस को आशंका है कि लूट की घटना पड़ोसी राज्य के बदमाशों द्वारा करने की आशंका है।

