Indore Police: इंदौर में नशे के खिलाफ एक्शन, 19 मल्टियों के 50 से अधिक घरों में पहुंची पुलिस टीम
पुलिस को शिकायत मिली थी कि नशाखोरी के लिए लोग इन मल्टियों के खाली फ्लैटों का उपयोग करते हैं और अवैध सामग्रियों का भंडारण करते हैं।
By Prashant Pandey
Publish Date: Solar, 09 Jun 2024 09:37:32 AM (IST)
Up to date Date: Solar, 09 Jun 2024 09:44:46 AM (IST)

HighLights
- नैनोद मल्टी में मादक पदार्थ का सेवन करते जिलाबदर आरोपित पकड़ा गया।
- गड्ढे वाली मल्टी के पास बोरे में गांजा भरकर ले जा रहे आरोपित को दबोचा।
- रहवासियों ने पुलिस को उन मकानों की जानकारी दी जहां अवैध गतिविधियों का संचालन होता है।
Indore Police: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नया सवेरा-एक नई शुरुआत के तहत जोन-एक में पुलिस की टीम शनिवार रात में जांच करने के लिए निकली। गांधी नगर थाना क्षेत्र के नैनोद मल्टी और नया बसेरा में 19 मल्टियों के 50 से अधिक मकानों पर पुलिस ने दबिश दी।
सहायक पुलिस आयुक्त गांधीनगर रूबीना मिजवानी के नेतृत्व में की गई जांच में थाना गांधीनगर के 10 जवान एवं रक्षित केन्द्र से 15 जवानों की तीन टीमें शामिल हुईं। पुलिस को शिकायत मिली थी कि नशाखोरी के लिए लोग इन मल्टियों के खाली फ्लैटों का उपयोग करते हैं और अवैध सामग्रियों का भंडारण करते हैं।
इस पर टीम ने नैनोद की 10 मल्टियों में 50 मकानों की जांच की। इसके अलावा नया बसेरा की नौ मल्टियों में भी टीम पहुंची। यहां करीबन 700-800 परिवार निवासरत हैं। पुलिस के यहां पहुंचते ही रहवासियों ने जिन मकानों में अवैध गतिविधियां संचालित होती हैं, उसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान नैनोद मल्टी में मादक पदार्थ का सेवन करते जिलाबदर आरोपित आशीष पकड़ा गया। वहीं रात करीब नौ बजे गड्ढे वाली मल्टी के पास एक आरोपित संदिग्ध स्थिति में खाद का बोरा ले जा रहा था। पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपित धर्मेंद्र उर्फ धम्मू के पास से 1.3 किग्रा गांजा जब्त किया।
पुलिस ने नशे के खिलाफ निकाली जागरूकता रैली
पुलिस द्वारा अवैध नशे को रोकने के लिए लगातार नशे के अपराध में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है, इसके साथ ही इस संबंध में जागरूकता लाने हेतु समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
इसी कड़ी मे पुलिस उपायुक्त जोन-चार ऋषिकेश मीणा के दिशा निर्देशन में नया सवेरा-एक नई शुरूआत के तहत शनिवार को रावजी बाजार थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ रैली निकाली गई और राधा गोविंद का बगीचा में नशा उन्मूलन हेतु जनसंवाद किया गया। अति पुलिस उपायुक्त जोन आनंद यादव ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।

