व्रत में फलाहार के लिए नहीं होगा पड़ेगा परेशान, सांची तैयार कर रहा साबूदाने की खीर, एक सप्ताह बाद होगी लॉन्च
Sanchi Sabudana Kheer: सांची यह खीर विशेष तौर पर व्रतधारियों को ध्यान में रखकर बाजार में उतार रहा है, जिसे सांची पार्लर और डेयरियों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
By Kushagra Valuskar
Publish Date: Sat, 08 Jun 2024 03:06:56 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 08 Jun 2024 03:06:56 AM (IST)
नवदुनिया प्रतिनिधि। Sanchi Sabudana Kheer: मध्यप्रदेश का मशहूर दूध ब्रांड सांची बाजार में जल्द ही साबूदाने की खीर लान्च करने जा रहा है। भोपाल स्थित सांची के प्लांट में साबूदाने की खीर की रेसिपी तैयार की जा रही है और संभावना है कि अगले सप्ताह से सांची की खीर बाजारों में बिकने लगेगी। सांची यह खीर विशेष तौर पर व्रतधारियों को ध्यान में रखकर बाजार में उतार रहा है, जिसे सांची पार्लर और डेयरियों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
शुक्रवार को प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री प्रेम सिंह पटेल के साथ इसको लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की आनलाइन मीटिंग भी आयोजित की गई थी। सांची की खीर फिलहाल टेस्टिंग फेज में हैं और इसकी पैकिंग तथा मूल्य को लेकर विचार किया जा रहा है। कुछ बदलावों के साथ एक सप्ताह बाद इसे लॉन्च करने की योजना है।
टेस्टिंग फेज में है सांची की खीर
मध्यप्रदेश राज्य सहकारी डेयरी फेडरेशन से संबद्ध सांची बाजार में वर्तमान में दूध, दही, घी, आइसक्रीम, लस्सी, मठा, पनीर और श्रीखंड जैसे दस उत्पाद बाजार में बेचता है। वहीं सांची की साबूदाना खीर पहली बार बाजार में उतारी जा रही है। खीर तैयार करने को लेकर पिछले एक माह से सांची के प्लांट में तैयारी की जा रही है। फिलहाल खीर टेस्टिंग फेज में है और रेसिपी तैयार होते ही इसे भोपाल में लान्च कर दिया जाएगा। इसके साथ ही दूसरे शहरों के संघ में भी रेसिपी साझा की जाएगी, जिससे आगामी दिनों में वहां भी सांची की साबूदाना खीर बिकेगी।
कामगार व्रतधारियों के लिए उपर्युक्त फलाहार विकल्प
सांची की साबूदाना खीर व्रतधारियों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। विशेष पर्व और एकादशी के साथ सालभर में करीब सौ व्रत होते हैं। व्रतधारियों के लिए बाजार में फलहारी खिचड़ी और नमकीन तो मिलता है, लेकिन खीर की उपलब्धता अभी भी नहीं है। ऐसे में व्रतियों को मीठे फलाहार के रुप में सांची की साबूदाना खीर एक उपर्युक्त विकल्प हो सकती है। कामगार महिलाओं के लिए भी व्रत में फलाहार तैयार करना कठिन होता है। साबूदाने की खीर उन्हें एक नए फलाहार विकल्प देगी।











