MP Information: भाजपा ने मप्र के सभी नवनिर्वाचित सांसदों को गुरुवार को दिल्ली बुलाया, 11 पहली बार लोकसभा पहुंचे
मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए हैं। इन सभी का बैठक में स्वागत भी किया जाएगा। 11 सांसद ऐसे हैं, जो पहली बार लोकसभा पहुंचे हैं।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Wed, 05 Jun 2024 10:43:04 PM (IST)
Up to date Date: Wed, 05 Jun 2024 11:22:15 PM (IST)
HighLights
- मप्र से सभी 29 लोकसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए
- 11 सांसद ऐसे हैं, जो पहली बार लोकसभा पहुंचे
- मुख्यमंत्री और दोनो उपमुख्यमंत्री भी जांएगे दिल्ली
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया भोपाल : भाजपा ने अपने सभी नवनिर्वाचित सांसदों को गुरुवार को दिल्ली बुलाया है। शुक्रवार को 11 बजे भाजपा और एनडीए गठबंधन के सभी सांसदों की बैठक होगी। प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए हैं। इन सभी का बैठक में स्वागत भी किया जाएगा। 11 सांसद ऐसे हैं, जो पहली बार लोकसभा पहुंचे हैं।
उधर, मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने एक्स पर सभी 29 नवनिर्वाचित सांसदों की तस्वीर पोस्ट कर लिखा है कि राष्ट्र को समर्पित मध्य प्रदेश के 29 कमल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल को भी गुरुवार को दिल्ली बुलाया गया है।
प्रचंड जीत पर मुख्यमंत्री को बधाई देने पहुंचे पूर्व सीएम शिवराज
लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतने पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार सुबह सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को बधाई दी। डा. यादव ने भी देश की तीसरी बड़ी जीत के लिए शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी। दोनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। साथ ही चुनाव परिणामों पर बात भी की। मुख्यमंत्री के साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशभर में जनसभाएं और रोड-शो किए थे।
समाप्त हो जाएगी लोकसभा चुनाव की आचार संहिता
16 मार्च को लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ लागू हुई आदर्श आचार संहिता गुरुवार को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद सरकार न केवल अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले कर सकेगी बल्कि नीतिगत मामलों के लिए किसी की अनुमति भी नहीं लेनी होगी। कैबिनेट बैठक भी जल्द ही आयोजित की जाएगी।

