Bhopal Information: जेल के बाहर युवक की हत्या के फरार आरोपित के मकान पर चला बुलडोजर
पंचशील नगर में स्थित है बदमाश तंजील उर्फ शूटर का घर। एक दिन पहले प्रशासन ने उसकी दुकान भी सील की थी। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई।
By Ravindra Soni
Publish Date: Sat, 01 Jun 2024 11:18:19 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 01 Jun 2024 11:18:19 AM (IST)
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कुछ दिन पहले सेंट्रल जेल के बाहर हुई युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश तंजील का मकान शनिवार को गिरा दिया गया। सुबह लगभग नौ बजे जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम पंचशील नगर में मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। यहा पर यह भी बता दें कि एक दिन पहले शुक्रवार को आरोपित की दुकान भी सील की गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर दिया।
गौरतलब है कि 17 मई की शाम सुरेंद्र कुशवाहा नामक युवक की भोपाल सेंट्रल जेल के बाहर हत्या कर दी गई थी। इस केस में पुलिस अब तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में तंजील उर्फ शूटर को भी आरोपित बनाया गया है, जो अब तक फरार है।
एक दिन पहले दुकान की थी सील
एसडीएम टीटीनगर अर्चना शर्मा ने बताया कि पंचशील नगर में आमजन से प्राप्त शिकायतों के आधार पर आदतन बदमाश तंजील की दुकान को सील किया गया है। उसकी संलिप्तता एक हत्या में भी संदिग्ध है। वह पंचशील नगर में आवासीय भूखंड पर बिना किसी अनुमति के व्यवसायिक गतिविधि संचालित कर रहा था।


