Iran Israel Battle: ईरानी मीडिया का दावा, इजरायल ने कई न्यूक्लियर साइट्स पर दागी मिसाइल, कई फ्लाइट डायवर्ट
दुबई स्थित वाहक एमिरेट्स और फ्लाई दुबई ने स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 4:30 बजे पश्चिमी ईरान के आसपास फ्लाइट डायवर्ट करना शुरू किया।
By Sandeep Chourey
Publish Date: Fri, 19 Apr 2024 08:36 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 19 Apr 2024 09:03 AM (IST)
_2024419_84354.jpg)
HighLights
- ईरान की ‘फार्स न्यूज एजेंसी’ ने दावा किया है कि धमाकों की आवाज कई जगह सुनी गई है।
- अचानक मिसाइल हमलों जैसी आवाज सुनने के बाद लोगों में काफी ज्यादा दहशत है।
- इजरायल पर रविवार ईरान ने कई स्थानों पर मिसाइल दागी थी।
एपी, दुबई। इजरायल ने ईरान के खिलाफ बदले की कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, इजरायल ने ईरान के कई ऐसे शहरों को टारगेट बनाया है, जहां पर न्यूक्लियर साइट हैं। ईरान के के इस्फ़हान शहर के एयरपोर्ट पर भी धमाके की आवाज सुनी गई है। इस्फ़हान शहर में ईरान के कई न्यूक्लियर प्लांट हैं, साथ ही ईरान का सबसे बड़ा यूरेनियम प्लांट भी इसी शहर से संचालित किया जा रहा है। इजराइल की ओर से किए गए मिसाइल हमलों के बाद कई फ्लाइट्स का डायवर्ट किया गया है।
ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव
सरकारी IRNA समाचार एजेंसी ने शुक्रवार सुबह जानकारी दी है कि इजराइल के हमले की रिपोर्ट के बाद ईरान ने कई प्रांतों में अपना एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिया है। ईरान के विशिष्ट सैन्य बल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने देश में अपने सभी ठिकानों और शिविरों पर अलर्ट जारी कर दिया है।
.jpg)
कई जगह सुनी गई धमाकों की आवाज
ईरान की ‘फार्स न्यूज एजेंसी’ ने दावा किया है कि धमाकों की आवाज कई जगह सुनी गई है। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है। अचानक मिसाइल हमलों जैसी आवाज सुनने के बाद लोगों में काफी ज्यादा दहशत है। गौरतलब है कि इजरायल पर रविवार ईरान ने कई स्थानों पर मिसाइल दागी थी। इसके बाद गुस्साए इजराइल ने वार कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया था कि इसका बदला जरूर लिया जाएगा।
ईरान में कई उड़ानें डायवर्ट
समाचार एजेंसी एपी ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी है कि पश्चिमी ईरान में वाणिज्यिक उड़ानों ने बिना किसी स्पष्टीकरण के शुक्रवार सुबह डायवर्ट कर दिया गया है। दुबई स्थित वाहक एमिरेट्स और फ्लाई दुबई ने स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 4:30 बजे पश्चिमी ईरान के आसपास फ्लाइट डायवर्ट करना शुरू किया। उन्होंने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया, हालांकि विमान चालकों को स्थानीय चेतावनियों से पता चला कि हवाई क्षेत्र बंद हो सकता है।
ईरानी विदेश मंत्री ने दी धमकी
गौरतलब है कि ईरान के विदेश मंत्री ने अमीर-अब्दुल्लाहियन गुरुवार को ही इजरायल को सैन्य कार्रवाई को लेकर चेतावनी दी थी। एक चैनल के साथ बातचीत में अमीर ने कहा था कि इजरायली शासन फिर से दुस्साहस करते हुए ईरानी हितों के खिलाफ कार्रवाई करता है, तो हमारी ओर से अगली प्रतिक्रिया तत्काल की जाएगी। एक 24 घंटे के भीतर ही इजरायल ने ईरान पर मिसाइल अटैक कर दिया।

