Saif began preventing with an unknown individual on the street | अनजान शख्स से सड़क पर लड़ने लगे थे सैफ: एक-दूसरे को काट भी लिया था, फिर टिटनेस की सुई लगी थी, कमल सदाना ने सुनाया किस्सा

26 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

एक्टर कमल सदाना ने हाल में सैफ अली खान से जुड़ा किस्सा शेयर किया है। कमल ने बताया कि 90 के दशक में वे, सैफ और अमृता सिंह कहीं से आ रहे थे। तभी रोड पर सैफ और एक अनजान शख्स के बीच लड़ाई हो गई। इस लड़ाई में दोनों ने एक दूसरे को काट भी लिया था। लेकिन कुछ समय बाद दोनों हंसने लगे और फिर एक दूसरे को गले लगा लिया।

कमल ने बताया कि इसके बाद सैफ को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें टिटनेस का इंजेक्शन लगा था। उन्होंने यह भी बताया कि वे और सैफ बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं और आज भी बड़ी गर्मजोशी के साथ एक दूसरे से मिलते हैं।

जानें क्या था पूरा किस्सा?

सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में कमल ने बताया कि 90 के दशक में वे, सैफ और उनकी पहली पत्नी अमृता सिंह बहुत अच्छे दोस्त थे। उन्होंने आगे कहा- एक बार हम तीनों कहीं से लौट रहे थे। कार मैं या सैफ चला रहे थे। तभी पास से एक कार गुजरी, जिसने हमारी कार को ओवरटेक कर दिया। ये देख सैफ ने कार में बैठे शख्स को कुछ इशारा किया। उस शख्स ने भी सैफ को कुछ इशारा किया।

कमल ने आगे बताया- आगे चलकर वो दोनों अपनी-अपनी कार से उतर गए। इसके बाद दोनों लड़ने लगे। इधर मैं और अमृता कार से निकल कर बोनट पर बैठ गए। उस शख्स के परिवार वाले भी कार से बाहर आ गए। लेकिन दूसरा कोई भी इनकी लड़ाई में शामिल नहीं हुआ।

कुछ देर लड़ने के बाद दोनों ने एक दूसरे को काट लिया था। फिर दोनों ने लड़ना बंद कर दिया और हंसने लगे थे। यह देख हम सभी हंसने लगे थे। लड़ाई खत्म होने के बाद हम सभी अस्पताल गए और सैफ को टिटनेस का इंजेक्शन लगवाया।

सैफ की बहन आज भी कमल को बांधती हैं राखी

दिलचस्प बात यह है कि सैफ और कमल के रिश्ते की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। वजह यह थी कि फिल्म बेखुदी में सैफ की जगह कमल को कास्ट कर लिया गया था। हालांकि बाद में दोनों की दोस्ती अच्छी हो गई। कमल ने यह भी खुलासा किया कि आज भी सैफ की बहन सबा उन्हें राखी बांधती हैं।