Lok sabha chunav 2024: पहले दिन एसयूसीआइ प्रत्याशी ने भरा नामांकन पत्र, अब चार दिन और शेष
कलेक्टर और रिटर्निंग अधिकारी रुचिका चौहान ने सुबह 11 बजे निर्वाचन की सूचना जारी की। इसी के साथ नाम-निर्देशन पत्र भरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
By anil tomar
Publish Date: Sat, 13 Apr 2024 10:04 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 13 Apr 2024 10:04 AM (IST)

HighLights
- ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र के निर्वाचन की सूचना जारी
- कड़ी सुरक्षा के बीच प्रक्रिया शुरू
Lok sabha chunav 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि. ग्वालियर। लोकसभा चुनाव में नामांकन दाखिले का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो गया। पहले दिन एक नामांकन दाखिल हुआ। लोकसभा आम निर्वाचन कार्यक्रम के तहत ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र से सदस्य चुनने के लिये 12 अप्रैल को निर्वाचन की सूचना जारी की गई। कलेक्टर और रिटर्निंग अधिकारी रुचिका चौहान ने सुबह 11 बजे निर्वाचन की सूचना जारी की। इसी के साथ नाम-निर्देशन पत्र भरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
शासकीय अवकाश होने की वजह से 13, 14 और 17 अप्रैल को नामांकन का सिलसिला बंद रहेगा। अभ्यर्थी अथवा उनके प्रस्तावक अब 15, 16, 18 व 19 अप्रैल को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को नामांकन प्रस्तुत कर सकेगें। नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जांच) 20 अप्रैल को होगी। 22 अप्रैल 2024 को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इन सभी दिवसों में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक उक्त कार्रवाई संपादित होगी। ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में सात मई को मतदान और चार जून को मतगणना होगी। ज्ञात हो ग्वालियर कलेक्ट्रेट में कलेक्टर न्यायालय कक्ष में बनाए गए रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जा रहे हैं।
एसयूसीआइ की प्रत्याशी को रिटर्निंग अधिकारी ने दिलाई शपथ
नामजदगी के पर्चे दाखिल करने के पहले दिन अर्थात 12 अप्रैल को एक उम्मीदवार ने नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किया। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार खेड़ापति कालोनी किलागेट रोड ग्वालियर निवासी रचना अग्रवाल ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। उन्होंने सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) पार्टी की ओर से रिटर्निंग आफिसर रुचिका चौहान को अपना नामांकन सौंपा। साथ ही संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा व निष्ठा रखने की शपथ भी रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष ली। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी अतुल सिंह भी मौजूद थे।
आचार संहिता का विशेष ध्यान रखें
कलेक्टर कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने नामजदगी का पर्चा दाखिल करने के लिए कलेक्ट्रेट आने वाले सभी उम्मीदवारों से आचार संहिता का पालन करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रिटर्निंग आफिसर के कक्ष में उम्मीदवार समेत पांच लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही 100 मीटर के दायरे में एक प्रत्याशी को केवल तीन वाहनों के प्रवेश की अनुमति दी गई है।

