Indore Muskan Suicide Case: इंदौर के पिनेकल ड्रिम्स की 17वीं मंजिल से कूदी छात्रा मुस्कान की आत्महत्या की गुत्थी अनसुलझी

मुस्कान आत्महत्या केस में पोस्टमार्टम करवाकर शव ले गए स्वजन। लैपटाप में कुछ नहीं मिला, अब मोबाइल के भरोसे है पुलिस।

By Sameer Deshpande

Publish Date: Sat, 13 Apr 2024 09:09 AM (IST)

Up to date Date: Sat, 13 Apr 2024 09:09 AM (IST)

Indore Muskan Suicide Case: इंदौर के पिनेकल ड्रिम्स की 17वीं मंजिल से कूदी छात्रा मुस्कान की आत्महत्या की गुत्थी अनसुलझी
मुस्कान अग्रवाल आत्महत्या केस

Indore Muskan Suicide Case: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बीबीए फाइनल की छात्रा मुस्कान अग्रवाल की आत्महत्या की गुत्थी अनसुलझी है। मुस्कान 17वीं मंजिल से क्यों कूदी, यह दूसरे दिन भी स्पष्ट नहीं हुआ। काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) में भी कुछ नहीं मिला। स्वजन शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवा कर शव गांव ले गए। उन्होंने जांच की मांग की है। पोस्टमार्टम में गिरने से मौत की पुष्टि हुई है।

बरुफाटक (बड़वानी) निवासी 24 वर्षीय मुस्कान ने गुरुवार दोपहर पिनेकल ड्रीम्स (निपानिया) के निर्माणाधीन ब्लाक (पीटी-4) की 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुस्कान के पिता मुकेश अग्रवाल(किराना व्यवसायी), ताऊ अजय अग्रवाल, मौसा संजय और मौसेरे भाई कृष्णा से बात की लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हुआ। मुकेश ने कहा कि बेटी को रविवार को ही छोड़ा था।
naidunia_image
पढ़ने में होशियार थी। आगे की पढ़ाई के लिए बेंगलुरु जाना था। सुबह ही मां रेखा से बात हुई थी। रात को रेखा का मिस्ड काल चला गया था। नंबर देखकर मुस्कान ने ही काल लगाया था। दादा की तबीयत खराब है। उसने उनके स्वास्थ्य का पूछा। अजय ने कहा कि मुस्कान यूं आत्महत्या नहीं कर सकती। स्वजन ने रूम पार्टनर, दोस्तों से बयान और जांच की मांग की है।

उधर शुक्रवार को पुलिस मुस्कान के छात्रावास (कासाबेला) पहुंची और छात्राओं से पूछताछ की। रूम पार्टनर कनिका ने कहा कि मुस्कान ने खाना मंगवाया था। 12 बजे बिना बताए रूम से जाने पर उसने बार-बार काल लगाए, लेकिन रिसीव नहीं हुए। बाद में भाई अंशुल को काल कर बताया कि मुस्कान फोन नहीं उठा रही है।

पेट की बीमारी से परेशान थी मुस्कान

पुलिस ने शुक्रवार को मुस्कान से रूम की तलाशी ली तो डाक्टर की फाइल मिली। स्वजन ने बताया कि मुस्कान को पेट में दिक्कत थी। वर्ष 2019 से उसका उपचार चल रहा था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। विशेषज्ञों को ट्रीटमेंट के पर्चे दिखाकर सलाह ली गई है। स्वजन के मुताबिक मुस्कान आत्महत्या नहीं कर सकती। इसके पीछे कोई वजह है। पुलिस बारीकी से जांच करे। हो सकता है कोई ब्लैकमेल कर रहा हो या किसी ने हत्या की हो।

सवाल जिनका जवाब तलाश रही पुलिस

-पिनेकल ड्रीम में परिचित रहता ही नहीं तो मुस्कान ने सीधे इसी जगह के लिए रैपिडो क्यों बुक की?

-सीडीआर में रूम पार्टनर और स्वजन के नंबरों के अलावा संदिग्ध नंबर नहीं मिले।

-गार्ड के रोकने पर भी पिछले रास्ते से इमारत में क्यों गई?

-रूम पार्टनर कनिका ने बार-बार फोन क्यों लगाए?

-क्या स्वजन आशंकित थे जो आनन-फानन में मोबाइल लोकेशन निकलवाई?