Rameshwar Blast Case: दोनों आतंकियों की गिरफ्तारी से सियासत गरमाई, BJP का ममता सरकार पर गंभीर आरोप
आतंकवादी अब्दुल मथीन व मुसाविर हुसैन शजीब को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर से गिरफ्तार किया गया है। आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद से ही पश्चिम बंगाल में सियासत तेज हो गई है।
By Anurag Mishra
Publish Date: Fri, 12 Apr 2024 04:09 PM (IST)
Up to date Date: Fri, 12 Apr 2024 04:09 PM (IST)

एजेंसी, कोलकाता। बीते महीने बेंगलुरु के मशहूर रामेश्वरम कैफे में एक बम ब्लास्ट हुआ था। इसकी जांच कर रही एनआईए की टीम को दोनों आतंकियों को पकड़ने में सफलता हासिल हुई है। आतंकवादी अब्दुल मथीन व मुसाविर हुसैन शजीब को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर से गिरफ्तार किया गया है। आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद से ही पश्चिम बंगाल में सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने ममता सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल अब आतंकियों का सुरक्षित पनाहगाह बन गया है।
बीजेपी ने ममता सरकार को घेरा
आतंकियों की गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल से होने पर भाजपा ने टीएमसी को घेरने की कोशिश तेज कर दी है। बीजेपी नेता ने कहा कि ममता सरकार के कारण पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। यह राज्य अब आतंकियों के लिए सुरक्षित होता जा रहा है।
टीएमसी ने भाजपा के हमला का दिया जवाब
बीजेपी नेता के हमले के बाद टीएमसी ने भी जवाब दिया। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने पश्चिम बंगाल पुलिस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बंगाल में आतंकियों को पकड़ने में सफलता तब मिली, जब पश्चिम बंगाल की पुलिस ने एएनआई की इस मामले में मदद की। रामेश्वर कैफे ब्लास्ट मामले में बंगाल की पुलिस ने अच्छा काम किया है।
उन्होंने आगे बीजेपी पर हमला बोलते हुए लिखा कि भाजपा के नेताओं को बताना चाहिए कि इन आतंकियों की गिरफ्तारी आखिर कहां हुई है। उस जगह का नाम कांथी है। हम सभी जानते हैं कि कौन सा परिवार व भाजपा का मुख्य नेता वहां से अवैध गतिविधियां चलाता है।
आपको बता दें कि कांथी (कोंताई) अधिकारी परिवार का गढ़ है। यहां से सुवेंदु अधिकारी अपनी राजनीति पूरे पश्चिम बंगाल में चलाते हैं। टीएमसी के नेता ने राज्य की सुरक्षा एजेंसियों से अनुरोध किया है कि वह बीजेपी नेता के परिवार की इस मामले में भूमिका पर जांच करें।

