बंडा के ग्राम बमोरी खुर्द की घटना। पुलिस ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया। घटना से गांव में फैली सनसनी।
By Ravindra Soni
Publish Date: Thu, 11 Apr 2024 02:02 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 11 Apr 2024 04:49 PM (IST)
HighLights
- पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई और साक्ष्य एकत्रित किए।
- शवों को घटना स्थल से उठाकर पीएम के लिए भेजा गया।
- रक्तरंजिश पत्नी के शव को बरामद किया
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बमोरी खुर्द में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर खुद फांसी के फंदे पर झूलकर खुदकुशी कर ली। गुरुवार की सुबह दोनों का शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घर में पड़े रक्तरंजिश पत्नी के शव को बरामद किया, जबकि घर के बाहर लगे पेड़ पर फंदे में पति का शव मिला। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उसे पीएम के लिए भेज दिया है।
सुबह के समय गांव वालों ने देखा कि घर के सामने लगे पेड़ पर बमोरी खुर्द निवासी 23 वर्षीय मंगल अहिरवार का शव फंदे पर लटका है।घर के दरबाजे खुले हुए थे। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो घर के अंदर मंगल की पत्नी 22 वर्षीय पूजा का रक्तरंजित शव बिस्तर पर पड़ा हुआ है। गांव वालों ने परिवार के अन्य लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद बंडा थाना प्रभारी नासिर फारुखी सहित अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल और शवों का मुआयना किया। पति पत्नी के मौत की सूचना पाकर घर के आसपास बड़ी संख्या में गांव वाले भी जुट गए। पूजा के मायके वाले भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई और साक्ष्य एकत्रित किए। शवों को घटना स्थल से उठाकर पीएम के लिए भेजा गया।
एसडीओपी शिखा सोनी ने बताया कि दोनों शवों और घटना स्थल की जांच कर पीएम के लिए भेज दिया गया है। दोनों पति पत्नी का अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार रात को भी विवाद हुआ, जिसके बाद संभवत: पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया, इसके बाद वह भी घर के सामने पेड़ पर फंदा लगाकर लटक गया। मामले में पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। पीएम के बाद दोनों शव स्वजनों को सौप दिए गए हैं।



.jpg)

