PM Modi LIVE In the present day: ऋषिकेश में बोले पीएम मोदी- ‘कांग्रेस मां गंगा के अस्तित्व पर सवाल उठाती है, जनता सबक सिखाएगी’
पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं पैदा की। साथ ही जब राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का न्योता दिया गया, तो उसे भी ठुकरा दिया गया।
By Arvind Dubey
Publish Date: Thu, 11 Apr 2024 12:52 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 11 Apr 2024 01:00 PM (IST)
एजेंसी, ऋषिकेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धुआंधार चुनाव प्रचार जारी है। पीएम मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने 10 साल के कामकाज गिनाए। साथ ही कांग्रेस पर हमला भी बोला।
पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं पैदा की। साथ ही जब राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का न्योता दिया गया, तो उसे भी ठुकरा दिया गया। कांग्रेस तो मां गंगा के अस्तित्व को भी ठुकराती है। कहती है कि हर की पौड़ी एक नहर के किनारे स्थित है। उन्हें मां गंगा कहने में शर्म आती है।
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
कल मैं भारत के दक्षिणी छोर पर, सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था और वहां पर भी लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार।
आज हिमालय की गोद में बाबा केदार और बद्री विशाल की चरणों में हूं और यहां भी वही गूंज है- फिर एक बार मोदी सरकार।
आज देश में ऐसी सरकार है, जिसने बीते 10 वर्ष में भारत को पहले की तुलना में कई गुना मजबूत कर दिया है।
जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे।
कांग्रेस के समय में तो जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं था।
ये भाजपा है, जिसने भारत में बनी बुलेटप्रूफ जैकेट अपने सैनिकों को दी, उनके जीवन की रक्षा की। आज आधुनिक रायफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत तक देश में ही बन रहे हैं
कांग्रेस की कमजोर सरकार सीमाओं पर आधुनिक Infrastructure नहीं बना पाई। आज देखिए, सीमा पर आधुनिक सड़कें बन रही हैं, आधुनिक सुरंगें बन रही हैं।
जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के हक का पैसा बिचौलिए खा जाते थे। अब लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है। ये लूट मोदी ने बंद की है, इसलिए मोदी पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है।