इंदौर में मंगलवार को नकद में सोना कैडबरी 700 रुपये बढ़कर 73 हजार रुपये प्रति दस ग्राम पहुंचा। वहीं चांदी 80400 रुपये प्रति किलो बोली गई।
By Lokesh Solanki
Publish Date: Wed, 10 Apr 2024 02:50 AM (IST)
Up to date Date: Wed, 10 Apr 2024 02:50 AM (IST)
Gold and Silver Worth in MP: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सोने ने लगातार 15 दिन दामों में तेजी का अनोखा रिकार्ड बनाया है। अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा मार्केट में सोने की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही। अमेरिकी मुद्रास्फीति और ब्याज दरों में कटौती की प्रत्याशा में सोने की सुरक्षित मांग बनी हुई है। मंगलवार को कामेक्स पर सोना 2365 डॉलर प्रति औंस और चांदी 11 सेंट बढ़कर 28.17 डालर प्रति औंस पर पहुंच गई। इसके चलते भारतीय बाजारों में लगातार 15वें दिन भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है।
मंगलवार को इंदौर में सोना कैडबरी नकद में 700 रुपये बढ़कर 73 हजार रुपये प्रति दस ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। वहीं आरटीजीएस में सोना 73850 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। नकद और आरटीजीएस के दामों का अंतर कम होने लगा है। वहीं चांदी चौरसा 400 रुपये बढ़कर 80400 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव बिगड़ने की आशंकाओं ने, विशेष रूप से ईरान द्वारा इज़राइल के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी के बाद सोने की सुरक्षित मांग को काफी हद तक बढ़ गई है।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी झड़पों ने भी सुरक्षित पनाहगाह की मांग को प्रभावित किया है। हाल ही में ज़ापोरीज़िया परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुए हमलों से वैश्विक चिंता पैदा हो गई है। इस वजह से सोने की मांग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोरदार बनी हुई है। कामेक्स सोना ऊपर में 2365 तथा नीचे में 2336 डालर प्रति औंस और चांदी ऊपर में 28.17 व नीचे में 27.74 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर में सोना-चांदी के बंद भाव
सोना कैडबरी रवा नकद में 73000 रुपये, सोना (आरटीजीएस) 73850 रुपये तथा सोना (91.60 कैरेट) (आरटीजीएस) 67700 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। सोमवार को सोना 72300 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी चौरसा 80400 रुपये, चांदी चौरसा (आरटीजीएस) 84000 रुपये तथा चांदी टंच 80500 रुपये प्रति किलो बोली गई। सोमवार को चांदी 80000 रुपये पर बंद हुई थी।
उज्जैन सराफा बाजार में सोना-चांदी के दाम
सोना स्टैंडर्ड 73100 रुपये तथा सोना रवा 73000 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव रहे। वहीं, चांदी पाट 80600 रुपये तथा चांदी टंच 80500 रुपये प्रति किलो रही। सिक्का 800 रुपये प्रति नग रहा।





