Datia Crime Information: एक लाख 42 हजार की मटर लेकर गई पिकअप लापता, व्यापारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सेवढ़ा से मटर भरकर निकली पिकअप लापता हो गई। इसे लेकर संबंधित व्यापारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उक्त पिकअप तीन दिन पहले डबरा के एक व्यापारी के पास मटर पहुंचाने के लिए रवाना की गई थी।
By anil tomar
Publish Date: Tue, 09 Apr 2024 11:37 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 09 Apr 2024 11:37 AM (IST)

दतिया (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सेवढ़ा से मटर भरकर निकली पिकअप लापता हो गई। इसे लेकर संबंधित व्यापारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उक्त पिकअप तीन दिन पहले डबरा के एक व्यापारी के पास मटर पहुंचाने के लिए रवाना की गई थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेवढ़ा थाना क्षेत्र के बजरिया मोहल्ला निवासी राजेश अग्रवाल पुत्र बटोली अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गत चार अप्रैल को उन्होंने वाहन क्रमांका एमपी30 जी 0926 में मटर लोडकर रवाना की थी। यह वाहन खराब होने पर मटर की उपज सेवढ़ा सायनी मोहल्ला निवासी रविंद्र पुत्र चरणदास अहिरवार के पिकअप वाहन क्रमांक यूपी93 सीटी 9618 में एक लाख 42 हजार 800 रुपये की मटक भरकर श्याम बाबा इंडस्ट्रीज डबरा के लिए रवाना की गई थी। लेकिन सात अप्रैल तक भी मटर उक्त व्यापारी के यहां डबरा नहीं पहुंची। पिकअप मटर सहित लापता हो गई। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक के बाहर खड़ी बुलट बाइक उठा ले गए अज्ञात चोर
सिविल लाइन में यूनियन बैंक के सामने खड़ी बुलट बाइक को अज्ञात चोर उठा ले गए। चोरी गई बाइक की कीमत दो लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। बाइक मालिक रमाकांत दांगी पुत्र लक्ष्मीनारायण दांगी निवासी गणेशघाट गल्ला मंडी के अंदर दतिया ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह किसी काम से होटल तान्या के पास यूनियन बैंक गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी बुलट बाइक बैंक के बाहर खड़ी कर दी थी। लेकिन जब लौटे तो बाइक गायब थी। पुलिस ने बाइक चोर के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
अंतर्राज्यीय नाके पर चेकिंग के दौरान पकड़ी अवैध शराब
चिरुला थाना क्षेत्र में अंतर्राज्यीय नाके पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध शराब जब्त की है। जानकारी के अनुसार झांसी दतिया बार्डर पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपित कैलाश मोगिया पुत्र प्रेमसिंह मोगिया निवासी चितुवां को रोककर उसकी बाइक की तलाश ली तो उसमें लगे बैग में रखी बोरी से अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुई। पकड़ी गई शराब की कीमत तीन हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

