Gold and Silver Value in MP: चांदी 80 हजार और सोना 72 हजार के पार, इंदौर-उज्जैन और रतलाम सराफा बाजार में ये हैं भाव
इंदौर में सोमवार को सोना कैडबरी में 1000 रुपये तथा चांदी भी 1000 रुपये की बढ़ोतरी के बाद दोनों सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गए।
By Lokesh Solanki
Publish Date: Tue, 09 Apr 2024 02:50 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 09 Apr 2024 02:50 AM (IST)

Gold and Silver Value in MP: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी जारी है। वैश्विक बाजार में सोमवार को सोना हाजिर 2,353.79 डालर प्रति औंस की रिकॉर्ड ऊंचाई पर कारोबार करता देखा गया। वहीं चादी भी 28 डॉलर के पार 28.06 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसका असर भारतीय बाजारों पर बना रहा और सोना एक बार फिर पिछले सारे रिकॉर्ड को तोड़ता हुआ 1000 रुपये बढ़कर 72 हजार के पार 72300 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1000 रुपये बढ़कर 80000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
दोनों धातुओं के इतने ऊंचे दाम अभी तक नहीं देखे गए। पिछले कुछ दिनों में दोनों धातुओं की कीमतों में आई जोरदार तेजी के कारण बाजार में ग्राहकों का सन्नाटा देखने को मिल रहा है। ग्राहक दाम सुनते ही खरीदारी से पीछे हटने लगे हैं। जिन घरों में शादियां हैं, उन्होंने भी खरीदारी सीमित कर दी है। इस साल अब तक सोने में 12 फीसद से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। कई देशों के सेंट्रल बैंक अपने रिजर्व में सोने का भंडार बढ़ा रहे हैं। इसमें आरबीआइ और चीन का सेंट्रल बैंक भी है। चीन के सेंट्रल बैंक में फरवरी में 12 टन सोना खरीदा और मार्च में भी यह सिलसिला जारी रहा। चीन के पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना लगातार 17 महीने से सोने की खरीदारी कर रहा है।
जानकारों का कहना है कि सोने की कीमत में रिकॉर्ड तेजी के पीछे यह भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है। इसके अलावा इजराइल-हमास संघर्ष के कारण बढ़ते तनाव के बीच इसकी मांग में इजाफा हुआ है। यूएस फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती के संकेत से भी सोने की खरीददारी में वृद्धि हुई है। वायदा मार्केट में जून में सोने की कीमत अब तक सबसे ज्यादा हुई। इसके साथ ही चांदी ने भी वायदा मार्केट में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कामेक्स सोना ऊपर में 2353 तथा नीचे में 2302 डॉलर प्रति औंस और चांदी ऊपर में 28.06 व नीचे में 26.85 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर में सोना-चांदी के बंद भाव
सोना कैडबरी रवा नकद में 72300 रुपये, सोना (आरटीजीएस) 73950 रुपये तथा सोना (91.60 कैरेट) (आरटीजीएस) 66800 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शनिवार को सोना 71300 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी चौरसा 80000 रुपये, चांदी चौरसा (आरटीजीएस) 82400 रुपये तथा चांदी टंच 80100 रुपये प्रति किलो बोली गई। शनिवार को चांदी 79000 रुपये पर बंद हुई थी।
उज्जैन सराफा बाजार में सोना-चांदी के दाम
सोना स्टैंडर्ड 72400 रुपये तथा सोना रवा 72300 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव रहे। वहीं, चांदी पाट 80200 रुपये तथा चांदी टंच 80000 रुपये प्रति किलो बोली गई। सिक्का 800 प्रति नग रहा।
रतलाम सराफा बाजार में सोना-चांदी के दाम
सोना स्टैंडर्ड 73000 रुपये तथा सोना रवा 72950 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव रहे। वहीं, चांदी चौरसा 82000 रुपये तथा चांदी टंच 82100 रुपये प्रति किलो बोली गई।

