गुजरात और लखनऊ के बीच मैच पर सटोरिए लगवा रहे थे आनलाइन दांव
चकरभाठा पुलिस को रविवार की शाम सूचना मिली कि सटोरिए आइपीएल के मैच में मोटी रकम दांव पर लगवा रहे हैं।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Tue, 09 Apr 2024 01:07 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 09 Apr 2024 01:07 AM (IST)

नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। आइपीएल के दौरान चकरभाठा में सटोरिए लखनऊ और गुजरात के बीच चल रहे क्रिकेट के मैच पर आनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। इसकी भनक लगने पर पुलिस ने एक सटोरिए को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक खाईवाल पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
चकरभाठा पुलिस को रविवार की शाम सूचना मिली कि सटोरिए आइपीएल के मैच में मोटी रकम दांव पर लगवा रहे हैं। इस पर पुलिस की टीम ने चकरभाठा के राजू गली में दबिश देकर मौके पर दबिश देकर चकरभाठा वार्ड क्रमांक सात में रहने वाले हरपाल छाबड़ा (45) को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह क्रिकेट लाइन एप पर राकू सजनानी से आनलाइन सट्टा खेलना बताया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक हजार रुपये और मोबाइल जब्त किया गया है। आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
शहर में सटोरियों को छूट
आइपीएल शुरू होने के बाद जिले में सटोरिए सक्रिय हैं। शहर के हर कोने में खाईवाल के गुर्गे दांव लगा रहे हैं। सटोरियों की इस हरकत की जानकारी पुलिस महकमे को भी है। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। आइपीएल में आनलाइन सट्टा भी जोरो पर है। सटोरियों के गुर्गे मोबाइल पर ही आनलाइन दांव ले रहे हैं। रोज के मैच में बड़ी रकम दांव पर लग रही है। इसके अलावा हर गेंद और रन पर भी दांव लगाए जा रहे हैं। पखवाड़े भर से पहले शुरु हुए आइपीएल में पुलिस ने अब तक कोई बड़ी कार्रवाई सटोरियों के खिलाफ नहीं की है।
चर्चित सटोरियों को अभयदान
चर्चित सटोरियों के गुर्गे आसपास के कस्बों में भी सक्रिय हैं। इसके अलावा सटोरियों ने गांव में भी अपने एजेंट बिठा रखे हैं। इने माध्यम से क्रिकेट पर मोटी रकम दांव पर लगाई जा रही है। चर्चा है कि आइपीएल शुरू होने के पहले ही सटोरियों ने कुछ चुनिंदा जवानों से सेटिंग कर ली है। इसके कारण उन पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। सटोरिए बेखौफ होकर आनलाइन और आफ लाइन दांव लगवा रहे हैं। जिले के बड़े सटोरियों की सेटिंग इतनी तगड़ी है कि आजतक इन्हे पकड़ा नहीं गया है।

