Filmmaker Gangu Ramsay dies on the age of 83 | फिल्ममेकर गंगू रामसे का 83 साल की उम्र में निधन: एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे, पुरानी हवेली, वीराना जैसी हॉरर फिल्मों के लिए थे मशहूर

Filmmaker Gangu Ramsay dies on the age of 83 | फिल्ममेकर गंगू रामसे का 83 साल की उम्र में निधन: एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे, पुरानी हवेली, वीराना जैसी हॉरर फिल्मों के लिए थे मशहूर

8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

वेटरन फिल्ममेकर, डायरेक्टर और सिनेमैटोग्राफर गंगू रामसे का निधन हो चुका है। 83 साल के गंगू रामसे पिछले 1 महीने से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज एक महीने से मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चल रहा था। गंगू रामसे, रामसे ब्रदर्स का हिस्सा थे, जो हॉरर फिल्मों के लिए काफी मशहूर थे।

गंगू रामसे के निधन की खबर उनके परिवार ने एक आधिकारिक स्टेटमेंट से कन्फर्म की है। परिवार ने स्टेटमेंट में लिखा है, अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि रामसे ब्रदर्स में से एक लीजेंड्री सिनेमैटोग्राफर, फिल्ममेकर, प्रोड्यूसर और एफ.यू. रामसे के दूसरे बड़े बेटे गंगू रामसे का निधन हो चुका है। पिछले एक महीने से स्वास्थ्य संबंधी समस्या से परेशान चल रहे गंगू रामसे आज सुबह 8 बजे हमें छोड़कर चले गए।

बताते चलें कि गंगू रामसे पॉपुलर रामसे ब्रदर्स टीम का हिस्सा थे। 7 भाइयों कुमार रामसे, केशू रामसे, तुलसी रामसे, किरण रामसे, श्याम रामसे, गंगू रामसे, अर्जुन रामसे में गंगू दूसरे बड़े भाई थे। ये सभी मशहूर फिल्ममेकर एफ.यू. रामसे के बेटे थे। उनकी टीम का नाम रामसे ब्रदर्स था, जो मिलकर फिल्में बनाते थे। टीम में सबसे बड़े भाई कुमार रामसे स्क्रिप्ट पर काम करते थे, गंगू सिनेमैटोग्राफी करते थे, किरण रामसे साउंड का काम करते थे, केशू प्रोडक्शन और अर्जुन एडिटिंग करते थे, जबकि श्याम- तुलसी मिलकर डायरेक्शन की कमांड संभालते थे।

एफ.यू. रामसे के साथ रामसे ब्रदर्स।

एफ.यू. रामसे के साथ रामसे ब्रदर्स।

इस टीम की पहली फिल्म साल 1972 की दो गज जमीन के नीचे थी। आगे उन्होंने अंधेरा, दरवाजा, और कौन, सबूत, गेस्ट हाउस, दहशत, पुराना मंदिर, तहखाना, वीराना, पुरानी हवेली, धुंध जैसी हॉरर फिल्में बनाई हैं। फिल्मों के अलावा रामसे ब्रदर्स जी हॉरर शो बनाकर भी काफी चर्चा में रहे थे। ये शो 1993-2001 तक चला था।