Congress Rally in Jaipur: हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है, कांग्रेस की जयपुर रैली में बोली सोनिया गांधी

कांग्रेस ने शनिवार को जयपुर में न्याय पत्र महासभा का आयोजन किया है। सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।

By Kushagra Valuskar

Publish Date: Sat, 06 Apr 2024 03:20 PM (IST)

Up to date Date: Sat, 06 Apr 2024 03:35 PM (IST)

Congress Rally in Jaipur: हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है, कांग्रेस की जयपुर रैली में बोली सोनिया गांधी
सोनिया गांधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Sonia Gandhi: कांग्रेस ने शनिवार को जयपुर में न्याय पत्र महासभा का आयोजन किया है। जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हुई। राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने और पार्टी में शामिल कराने के लिए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। देश का लोकतंत्र खतरे में है।

यह समय हताशा से भरा हुआ है

सोनिया गांधी ने कहा, टहमारा देश पिछले 10 वर्ष से ऐसी सरकार के हवाले है। जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।ट उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जो किया है, वो आपके सामने है। यह समय हताशा से भरा हुआ है।

यह देश चंद लोगों की जागीर नहीं

कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के हमारे साथी न्याय के दीपक को अपने सीने की आग से जलाएंगे। हजार आंधियों में उसे संभालकर आगे बढेंगे। यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘यह देश सबका है। इसे हमारे पुरखों ने अपने खून से सींचा है। इसकी हवाओं में हमारी मां-बहनों के पसीने का नमक है। यह देश हमारे बच्चों का आंगन है।’

संविधान को बदलने का षड्यंत्र रचा जा रहा

सोनिया गांधी ने कहा कि देश से ऊपर हो जाने की बात सपने में भी सोची नहीं जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है। जो ऐसा सोचता है उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। उन्होंने आगे कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक सत्ता के हथियार से बर्बाद किया जा रहा है। हमारे संविधान को बदलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। यह सब तानाशाही है। हम सब इसका जवाब देंगे।