Lok Sabha Election 2024: कांग्रेसी मरा-मरा बोलते हैं, लेकिन मुंह से निकल रहा राम-राम : सीएम मोहन यादव
बैतूल में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन जमा कराने पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।
By Ravindra Soni
Publish Date: Thu, 04 Apr 2024 12:42 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Apr 2024 03:10 PM (IST)

नवदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने गुरुवार को बैतूल में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये लोग भगवान राम के मामले में जितने अड़ंगे लगा सकते थे, जितने कष्ट दे सकते थे, सब दिए। सारी परेशानियां खड़ी कीं। भगवान श्री राम को शरीर छोड़े हुए 1700 लाख वर्ष हो गए, यह नासा की रिपोर्ट कहती है। जो रामसेतु है, वह प्रत्यक्ष प्रमाण है। कांग्रेसियों को आजादी के तुरंत बाद यह कलंक मिटाना था। आजादी के 70 वर्ष तक हिंदू-मुस्लिम को लड़ाने के लिए भगवान श्रीराम का मंदिर नहीं बनने दिया। लगातार अडंगे लगाते रहे। प्रसन्नता है कि जब परमात्मा मौका देता है तो यश भाजपा को ही मिला है। शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा के समय हिंदू हो या मुस्लिम, सभी ने जय श्रीराम के जयघोष लगाए। कांग्रेसी मरा-मरा बोलते हैं, लेकिन मुंह से निकल रहा है राम-राम।
सेवा ही ध्येय,
विकास ही लक्ष्य!
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के कुशल मार्गदर्शन में विकास पथ पर देश तीव्रतम गति से गतिमान है। मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए मध्यप्रदेश भी 29 स्वर्णिम कमल पुष्प भेंटकर अपना हरसंभव योगदान देने के लिए संकल्पित है।… pic.twitter.com/91z6i4OziB
— Dr Mohan Yadav (Modi Ka Parivar) (@DrMohanYadav51) April 4, 2024
कोई जेल में तो कोई बेल पर
मुख्यमंत्री डा यादव बैतूल में भाजपा प्रत्याशी दुर्गादास उइके का नामांकन पत्र जमा कराने के लिए बैतूल पहुंचे थे। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित नामांकन जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी लोकसभा में नारा लगा रहे हैं कि अबकी बार 400 पार। मुझे प्रसन्नता है कि पूरा देश मोदीमय हुआ है। मध्यप्रदेश में हम सबसे अच्छी स्थिति में हैं। हम 29 सीटें जीत रहे हैं। बैतूल में भाजपा पिछली बार की जीत का रिकार्ड तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कोई जेल में हैं, कोई बेल पर है। जो हार रहे हैं, वो ईवीएम को दोष देते हैं। उन्होंने कहा कि बैतूल में आने का अलग ही आनंद है। बैतूल का अपना स्वभाव और अलग विशेषता है। स्वर्ग से सुंदर हमारा वन क्षेत्र।रानी दुर्गावती के शौर्य से परिचित क्षेत्र है।
आज बैतूल लोकसभा सीट से @BJP4India के प्रत्याशी श्री @DdUikey जी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर भाजपा परिवार के साथी श्री @KamalPatelBJP जी एवं अन्य गणमान्य साथी उपस्थित रहे।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए मध्यप्रदेश… pic.twitter.com/1YaL20UrPt
— Dr Mohan Yadav (Modi Ka Parivar) (@DrMohanYadav51) April 4, 2024

पूर्व विधायक सुनीता बेले और कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा भाजपा में शामिल
इस जनसभा के दौरान बैतूल जिले के आमला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहीं सुनीता बेले और कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित भाजपा प्रत्याशी की नामांकन जन सभा में दोनों ने भाजपा की सदस्यता ले ली। इस मौके पर आमला विधायक डा योगेश पंडाग्रे ने दोनों का स्वागत किया। सुनीता बेले आमला विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2003 में कांग्रेस की टिकट पर विधायक चुनी गईं थीं। वर्ष 2013 में उन्हे चुनाव में दोबारा टिकट दिया गया था, लेकिन वे हार गईं थीं।
भाजपा प्रत्याशी ने जमा किया नामांकन
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी दुर्गादास उईके ने अपना नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान मंत्री विजय शाह, पूर्व मंत्री कमल पटेल, विधायक हेमंत खंडेलवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य शुक्ला मौजूद थे।


