Lok Sabha Chunav 2024 : तीन गुल्ली चौराहे से रोड शो के माध्यम से कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल करने में शामिल होंगे
By Kailash Dubey
Publish Date: Thu, 04 Apr 2024 07:38 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Apr 2024 07:52 AM (IST)
HighLights
- नगरीय निकाय से जुड़े कुछ वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी हो सकते हैं भाजपा में शामिल।
- गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पहली बार दमोह पहुंच रहे हैं।
- अनेक विधायक, पदाधिकारी भी इस नामांकन रैली में शामिल होंगे।
Lok Sabha Chunav 2024 : नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह । लोकसभा चुनाव के द्वितीय चरण के नामांकन दाखिल होने का क्रम लगातार जारी है और नामांकन दाखिल होने के अंतिम दिन के एक दिन पूर्व भाजपा प्रत्याशी राहुल सिह लोधी के नामांकन दाखिल करने के लिए गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पहली बार दमोह पहुंच रहे हैं। वह दमोह में एक रोड शो भी करेंगे और कलेट्रेट कार्यालय पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी राहुल सिह लोधी के नामांकन पत्र को दाखिल कराने आएंगे।
अनेक विधायक, पदाधिकारी भी इस नामांकन रैली में शामिल होंगे
प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव दोपहर 1 बजे दमोह पहुंचेंगे। जहां पर वह तीन गुल्ली चौराहे से रोड शो के माध्यम से कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल करने में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, लखन पटेल के अलावा विधायक एवं पूर्व मंत्री जयंत मलैया, पूर्व मंत्री एवं विधायक पं गोपाल भार्गव, विधायक उमा देवी खटीक, वीरेंद्र सिंह लोधी बंडा, बृज बिहारी पटेरिया देवरी के अलावा अनेक विधायक, पदाधिकारी भी इस नामांकन रैली में शामिल होंगे।
अनेक कांग्रेस पदाधिकारी होंगे भाजपा में शामिल
जैसा कि सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 4 अप्रैल को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के दमोह आगमन के दौरान नगरीय निकाय से जुड़े हुए कुछ वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने की अटकले जोरों से लगाई जा रही हैं और यह उम्मीद भी जताई जा रही है कि इस अवसर पर यह वरिष्ठ कांग्रेस जन अपने अन्य साथियों के साथ भाजपा में शामिल होंगे। जैसा की समूचे प्रदेश की भांति दमोह में भी कांग्रेस से पलायन का दौर लगातार ही जारी है। इस प्रकार आज भी अनेक जनप्रतिनिधि जो की नगरीय निकाय से जुड़े हैं। वह कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होंगे।
तीन गुल्ली से होगा रोड शो
जिला मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र सिंह परिहार और सह प्रभारी महेन्द्र जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री का रोड शो तीन गुल्ली से दोपहर 2 बजे प्रारंभ होकर स्टेशन चौराहा, घंटाघर, अंबेडकर चौक होते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेगा। जहां पर आभार सभा का आयोजन किया जाएगा।






