Bhopal Information: नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में लगी आग, ड्राइवर का हाथ झुलसा

उद्धवदास मेहता मार्केट में हुई घटना। वाहन को रिपेयर करवाने एक दुकान पर पहुंचा था चालक। वेल्डिंग के दौरान हुआ हादसा।

By Ravindra Soni

Publish Date: Thu, 04 Apr 2024 12:20 PM (IST)

Up to date Date: Thu, 04 Apr 2024 01:54 PM (IST)

Bhopal News: नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में लगी आग, ड्राइवर का हाथ झुलसा

HighLights

  1. चालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में कराया भर्ती।
  2. पुल बोगदा फायर स्टेशन से पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर पाया काबू।
  3. डीजल टैंक से भड़की आग ने पूरी गाड़ी को चपेट में ले लिया।

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। शहर के गोविंदपुरा क्षेत्र में स्थित मेहता मार्केट में गुरुवार सुबह एक कचरा वाहन में आग लग गई। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए रास्ता भी बंद कर दिया गया। इस आग को बुझाने का प्रयास कर रहे चालक का हाथ भी झुलस गया है। उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुल बोगदा से पहुंची दमकल

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे जोन क्रमांक 12 के कचरा वाहन में कुछ समस्या हो रही थी। ऐसे में चालक सिद्धार्थ उसमें वेल्डिंग कराने के लिए मेहता मार्केट गया था। वेल्डिंग के दौरान ही अचानक डीजल टैंक में आग लग गई, जो तेजी से भड़की और पूरी गाड़ी से लपटें उठने लगीं। चालक ने बुझाने का प्रयास किया, तो उसका हाथ झुलस गया और सिर के बाल भी जल गए। जिसके बाद आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर गए। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद पुल बोगदा फायर स्टेशन से दमकल भेजी गई। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने इस आग पर काबू पा लिया।

आधे घंटे तक बंद रहा रास्ता

जब कचरा वाहन में आग लगी तो इसके डीजल टैंक में विस्फोट होने का डर था। ऐसे में लोगों को दूर भगा दिया गया और एक तरफ का रास्ता भी बंद कर दिया गया। जब दमकल से आग पूरी तरह बुझा ली गई, तब रास्ता चालू किया गया। ऐसे में आधा घंटा तक ट्रैफिक वन वे में चलता रहा।

कचरा वाहनों में लगना चाहिए अग्निशमन यंत्र

नगर निगम के पास छोटे-बड़े करीब 1500 वाहन हैं, लेकिन इनमें अग्निशमन यंत्र नहीं लगे हैं। ऐसे में थोड़ी आग भी बड़ा नुकसान कर देती है। यदि कचरा वाहन में अग्निशमन यंत्र लगा होता, तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था। इससे पूरा कचरा वाहन जलने से बच जाता।

  • ABOUT THE AUTHOR

    वर्तमान में नवदुनिया भोपाल यूनिट में हाइपर लोकल डिजिटल डेस्क पर डिजिटल कोआर्डिनेटर के रूप में विगत तीन वर्ष से कार्यरत हूं। इससे पहले मैं नईदुनिया इंदौर यूनिट में पदस्थ था, जहां मैंने डिजिटल डेस्क के अलावा ज्या