मुख्यमंत्री विष्णुदेव की सादगी ने कार्यकर्ताओं का मोह लिया मन, आधे घंटे के भाषण के दौरान आधा दर्जन बार कार्यकर्ताओं को कहा देवतुल्य
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Fri, 05 Apr 2024 01:30 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 05 Apr 2024 01:30 AM (IST)
बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी और सरलता के कार्यकर्ता यूं ही कायल नहीं हैं। गुरुवार को सरकंडा के अशोक वाटिका परिसर में बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन किया गया था। सीएम ने बेहद सहजता और सरलता के साथ कार्यकर्ताओं के बीच अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने कार्यकर्ताओं से निवेदान किया।
मंच पर बैठे नेताओं व कार्यकर्ताओं का अभिवादन करने के बाद सीएम साय ने कहा कि मुझे ज्यादा कुछ नहीं कहना है। जो बातें आपके बीच कहने आया हूं वे सब आप लोग अच्छी तरह जानते हैं और समझते भी हैं। बूथ के वास्तविक रणनीतिकार और बूथ जिताने वाले कार्यकर्ता आप ही हैं। मैं तो आप लोगों से निवेदन करने आया हूं। लोकसभा चुनाव में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार केंद्र की सत्ता सौंपनी है। इसमें आपकी भागीदारी और आपके समर्पण की जरूरत पड़ेगी। समर्पण का भाव आप सभी ने विधानसभा चुनाव के दिखाया है। वही समर्पण और वही जज्बा इस बार भी दिखाना होगा। इतना कहने के साथ ही उन्होंने शांत भाव से मंच के सामने बैठे कार्यकर्ताओं से पूछा मोदीजी को तीसरी बार पीएम बनाना है या नहीं। कार्यकर्ताओं ने हां में जवाब दिया। फिर उन्होंने कहा कि हमारा जो अंदाज है उसी अंदाज में आप समर्थन दीजिए। उनका इतना कहना था कि कार्यकर्ताओं ने दोनों मुट्ठी बांधी और दोनों हाथ उठाकर गगनभेदी नारे के साथ सीएम साय के बातों का समर्थन किया।
केंद्र के 10 साल और राज्य के 15 साल तीन महीने की करनी होगी बातें
सीएम ने कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम सबको कल से ही अपने प्रभार वाले पोलिंग बूथों में जाना है। बूथ के एक-एक घर में दस्तक देनी है। केंद्र सरकार के 10 साल, पूर्व सीएम डा रमन सिंह के 15 साल के कामकाज और वर्तमान की आपकी सरकार के तीन महीने के कामकाज का पूरा-पूरा हिसाब मतदाताओं को देना है। हम अपने काम के दम पर मतदाताओं से वोट मांगेंगे। पीएम मोदी ने देश की 140 करोड़ जनता को अपना परिवार माना है। सबका साथ सबका विश्वास और सबका विकास। पीएम मोदी चौबीस घंटे में 18 घंटा काम करते हैं। एक दिन अवकाश नहीं लेते। ऐसे पीएम जिन्होंने हमारा मान और सम्मान बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने तीसरी बार हर हाल में पीएम बनाना होगा।
बिलासपुर के मतदाताओं का बढ़ाया मान
मुख्यमंत्री साय ने बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं का मान बढ़ाते हुए कहा कि यहां के मतदाताओं ने हम पर भरोसा जताते आ रहे हैं। इस बार भी भरोसा कायम रहेगा। भाजपा उम्मीदवार का मान सम्मान बढ़ाने वाले कार्यकर्ताओं को मेरा प्रणाम।
कुछ खास बातें
मंच पर आते ही सीएम ने सबसे पहले सामने बैठे कार्यकर्ताओं से पूछा कितने बजे से आए हैं। यहां आने के बाद भोजन किए हैं या नहीं। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने नहीं कहा तो उन्होंने विधायक सुशांत की तरफ देखा। विधायक ने बताया कि कार्यक्रम के बाद भोजन की व्यवस्था है। सीएम ने कार्यकर्ताओं से आग्रहपूर्वक हाथ जोड़कर कहा कि कार्यक्रम के बाद भोजन करना उसके बाद घर की तरफ रवाना होना। उनकी मेजबानी से कार्यकर्ता गदगद नजर आए।
कांग्रेस पर सीएम साय ने जमकर निशाना साधा
उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस चुनाव में भी कांग्रेस को मजा चखाने की बात कही। पांच साल कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़वासियों के साथ विश्वासघात किया है। छत्तीसगढ़वासियों ने भरोसा करके सरकार बनाया, पांच साल सरकार चलाने का अवसर मिला। लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। इसलिए छग की जनता ने सरकार से बाहर कर दिया। पांच साल में छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बना दिया। जहां देखो वहीं भ्रष्टचार। मोदी की कल्याणकारी योजनाओं में भी जमकर भ्रष्टाचार किया। कई नेता जेल के अंदर हैं। कांग्रेस सरकार के सहयोगी अधिकारी भी जेल के भीतर हैं। जमानत नहीं हो हो रही है।
कांग्रेस प्रत्याशी बड़े लठैत हैं
कांग्रेस के सांसद प्रत्याशी बड़े लठैत हैं। कार्यकर्ताओं से पूछा आपके कांग्रेस प्रत्याशी भी लठैत हैं ना। सीएम ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल के राजनांदगांव में नामांकन रैली के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने अमर्यादित बयान दिया। डा महंत को मैं व्यक्तिगत रूप से जानता हूं । बड़े सरल व्यक्ति हैं, पर वर्तमान में कांग्रेसजनों का दिमाग खराब हो गया है। चरणदास महंत जैसे आदमी भी बिगड़े बोल बोल रहे हैं। जिम्मेदार व्यक्ति पीएम के सिर फोड़ने की बात कर रहे हैं। दिमागी संतुलन बिगड़ गया है। इतना कहने के बाद कार्यकर्ताओं से पूछा इनको जमा चखाना है कि नहीं। ये पीएम का नहीं हमारा सिर फोड़ने जैसी बात है।
पूर्व सीएम पर दर्ज है एफआइआर
पूर्व सीएम बघेल के खिलाफ महादेव सट्टा एप में एफआइआर है। 508 करोड़ कमीशन का आरोप है। इतना कहने के बाद कार्यकर्ताओं से पूछा ऐसा किसी सीएम को करना चाहिए क्या। ऐसे भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाना है। विधानसभा के बाद अब लोकसभा में इनको बाहर का रास्ता दिखाना है।





