कलेक्टर ने कहा- गणवेश व पुस्तक किसी विशेष दुकान से लेने पालकों को ना किया जाए मजबूर
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Fri, 05 Apr 2024 01:02 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 05 Apr 2024 01:02 AM (IST)
बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)।
पालकों की चिंता करते हुए कलेक्टर अवनीश शरण ने गुरुवार को निजी विद्यालयों के लिए नियुक्त नोडल अफसरों की बैठक लेकर गणवेश व पुस्तक के लिए किसी दुकान विशेष के लिए बाध्य न करने के निर्देश दिए हैं। नोडल अफसरों को इसकी निगरानी करने और इस पर प्रभावी अंकुश लगाने की बात कही है। कलेक्टर की बैठक और उनकी चिंता से पहले ही निजी स्कूल संचालकों ने खेल कर दिया है। अधिकांश निजी स्कूल प्रबंधन ने पालकों को मौखिक रूप से यूनीफार्म व किताब के लिए दुकान बता दी है। कुछ ने पालकों को लिखित में निर्देश भी जारी कर दिए हैं। पालकों की मजबूरी यह है कि उनको इन व्यवस्थाओं का पालन करना ही होगा।
कलेक्टर अवनीश शरण ने आरटीई के तहत जिले के अशासकीय विद्यालयों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी, स्वामी आत्मानंद स्कूल, डीएवी मुख्यमंत्री स्कूलों के प्राचार्यों, विकासखंड शिक्षाधिकारी और विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों की बैठक प्रार्थना भवन में ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पालकों को स्कूल गणवेश और पाठयपुस्तक किसी दुकान विशेष से लेने के लिए कोई भी संस्थान बाध्य नहीं करेगा। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले स्कूल भवन मरम्मत के कार्य जो पहले से शुरू हो चुके हैं, वे हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
आरटीई में 535 सीटों पर होगा प्रवेश
आरटीई के तहत वर्ष 2024-25 में 551 अशासकीय विद्यालयों में तकरीबन चार हजार 535 सीटों पर प्रवेश लिया जाना है। छात्रों द्वारा 15 अप्रैल तक आनलाइन आवेदन किया जाना है। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारी (प्राचार्य) को निर्देश दिए कि दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर सत्यापन करें। योजना के संबंध में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। अपूर्ण भरे गए आवेदन की सूचना अनिवार्य रूप से दें। बच्चों के चयन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। किसी भी विद्यालय में आरटीई के तहत सीट रिक्त न रहे इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाया जाए। कलेक्टर ने आनलाइन लाटरी के द्वारा चयनित बच्चों तक प्रवेश की सूचना अनिवार्यतः भेजने के निर्देश दिए।
स्वामी आत्मानंद स्कूलों में प्रवेश 10 से
जिले में संचालित 34 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश की भी जानकारी दी गई। सेजेस पोर्टल में आनलाइन प्रवेश के लिए आवेदन करने की तिथि 10 अप्रैल से पांच मई तक निर्धारित की गई है। अधिक आवेदन होने की स्थिति में लाटरी के माध्यम से सीटों का आवटन किया जाएगा। प्रवेश की अन्य आवश्यक कार्यवाही 11 मई से 15 मई तक पूरी कर ली जाएगी। स्वामी आत्मानंद स्कूल में आफलाइन व आनलाइन दोनों माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसी प्रकार जिले में संचालित 4 डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूलों की भी जानकारी दी गई।





