Lok Sabha Election 2024: नरोत्तम मिश्रा बोले- छह अप्रैल को एक दिन में एक लाख कांग्रेसियों को जोड़कर बनाएंगे कीर्तिमान

मध्य प्रदेश में कांग्रेसियों को भाजपा में लाने वाली न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रभारी और पूर्व गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने किया दावा।

By Virendra Tiwari

Publish Date: Wed, 03 Apr 2024 04:00 AM (IST)

Up to date Date: Wed, 03 Apr 2024 04:00 AM (IST)

Lok Sabha Election 2024: नरोत्तम मिश्रा बोले- छह अप्रैल को एक दिन में एक लाख कांग्रेसियों को जोड़कर बनाएंगे कीर्तिमान
नरोत्तम मिश्रा।

HighLights

  1. यह भी बोले- कमल नाथ के लिए पार्टी के दरवाजे हमेशा बंद रहेंगे।
  2. भाजपा गंगा की तरह,सारी नदियां उसमें मिलकर गंगा हो जाती हैं।
  3. अभी तक 18 हजार कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

Narottam Mishra Interview: वीरेंद्र तिवारी, ग्वालियर। शिवराज सिंह सरकार में गृह मंत्री और सरकार के तत्कालीन प्रवक्ता के रूप में एक नाम हमेशा सुर्खियों में बना रहता था- यह था डा. नरोत्तम मिश्रा का। पिछले विधानसभा चुनाव में जब उनकी हार हुई तो गृह क्षेत्र दतिया में शायराना अंदाज में कहा था- ‘समुद्र का पानी उतरते देख, किनारे पर घर मत बना लेना, मैं लौटकर आऊंगा यह वादा है’। कुछ दिन बाद प्रदेश की राजनीति में डा. नरोत्तम मिश्रा फिर से चर्चाओं में लौट आए हैं।

दरअसल, इस बार जिस तरह कांग्रेस के नेता थोकबंद तरीके से भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उसके पीछे न्यू ज्वाइनिंग टोली है और इसके प्रभारी नरोत्तम मिश्रा ही हैं। नरोत्तम मिश्रा का दावा है कि अभी तक 18 हजार कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर भोपाल मुख्यालय से लेकर प्रदेश के एक-एक बूथ तक एक दिन-एक समय में एक लाख कांग्रेसी भाजपा की सदस्यता लेंगे। इससे एक कीर्तिमान बनेगा। प्रस्तुत है नरोत्तम मिश्रा से ‘नईदुनिया’ की विशेष बातचीत के प्रमुख अंश।

प्रश्न – दतिया हार के बाद कुछ लोगों को लग रहा था कि नरोत्तम मिश्रा अब चुनावी परिदृश्य से गायब हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ?

उत्तर – ऐसे लोगों के साथ मेरी सांत्वना है जो मेरे बारे में ऐसा सोचते थे। मेरे पास अभी बुंदेलखंड क्लस्टर की लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी है। पीएम मोदी के कार्यों को कार्यकर्ताओं और जनता तक पहुंचाने का काम कर रहा हूं। भाजपा में सदस्यता ग्रहण करवाने की जिम्मेदारी संभाल रहा हूं। अभी तक 18 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सरपंच से लेकर पूर्व सांसद जैसे नेता शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस में भगदड़ की स्थिति है।

naidunia_image

प्रश्न – जिस तरह आप थोक में कांग्रेसियों को भाजपा में ला रहे हैं, उससे दतिया की हार का बदला ले रहे हैं क्या?

उत्तर – दतिया में चूक अति-आत्मविश्वास से हुई। छह अप्रैल को एक दिन में एक लाख कांग्रेसियों को जोड़कर कीर्तिमान बनाएंगे। यदि यह गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो जाए तो खुशी की बात है। देश में सर्वाधिक कांग्रेसियों का भाजपा में आने का क्रम मध्य प्रदेश में चल रहा है। हमारी कोशिश है कि छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर एक दिन में एक समय में बूथ स्तर कुल एक लाख कांग्रेसियों को एक साथ भाजपा से जोड़कर रिकार्ड बनाया जाए।

प्रश्न – भाजपा के अंदर इतनी छटपटाहट क्यों है कांग्रेस को खत्म करने की?

उत्तर – छटपटाहट कहां है, क्या हम जा रहे हैं उनके पास? कांग्रेसी मोदी जी के विकास कार्यों से, राष्ट्रवाद की भावना और श्रीराम से प्रभावित होकर पार्टी में आ रहे हैं तो उन सबका स्वागत है।

प्रश्न – पूरी कांग्रेस ही भाजपा में आ जाएगी, फिर मूल भाजपा कहां जाएगी?

उत्तर – मूल भाजपा ही रहेगी। गंगाजी में बाकी नदियां मिलती हैं तो क्या गंगा, गंगा नहीं रहती है? वह सब भी गंगा जल की तरह होते जा रहे हैं।

प्रश्न – इतना बड़ा सदस्यता अभियान फिर प्रोजेक्ट कमल नाथ कहां फेल हो गया?

उत्तर – कमल नाथ प्रोजेक्ट हमने चलाया ही नहीं था और न वह फेल हुआ है। कमल नाथ के लिए पार्टी के दरवाजे हमेशा बंद रहेंगे।

प्रश्न – लोकसभा चुनाव के लिए आपको टिकट क्यों नहीं मिला?

उत्तर – आपके हाथों (मी़डिया) में है नाम चलाना। लोकसभा चुनाव लड़ने का मेरा कदापि मन नहीं था।

प्रश्न – खजुराहो सीट आपके क्लस्टर में है। वहां आइएनडीआइ गठबंधन से सामना है?

उत्तर – वहां सपा प्रत्याशी की जमानत जब्त होगी। भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा पांच लाख वोटों से प्रचंड जीत दर्ज करेंगे।

  • ABOUT THE AUTHOR

    नईदुनिया डॉट कॉम इंदौर में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ डेस्क पर वरिष्ठ उप-संपादक। पत्रकारिता और जनसंचार में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से बैचलर और विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से मास्टर्स डिग्री। इंदौर में 2014