Indore Information: इंदौर जिले में एक साल में 34 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां महिलाओं के नाम
राज्य सरकार द्वारा संपत्तियों के पंजीयन में दी जा रही छूट के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम पर संपत्तियों के पंजीयन किए जाने का चलन बढ़ा है।
By prem jat
Publish Date: Tue, 02 Apr 2024 02:07 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 02 Apr 2024 02:07 PM (IST)

HighLights
- करीब पांच हजार करोड़ की संपत्तियों की मालिक बनी महिलाएं
- दो प्रतिशत छूट के लिए महिलाओं के नाम संपत्तियों की रजिस्ट्री का बड़ा चलन
- जिले में रजिस्ट्री में 94 करोड़ की छूट महिलाओं ने की प्राप्त
Indore Information: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बदलते दौर के साथ महिलाएं भी हर मोर्चे पर अपनी काबिलियत साबित कर रही है। अब संपत्तियों की खरीदी में भी महिलाओं की संख्या बढ़ी है। इंदौर जिले में 34 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां बीते एक साल में महिलाओं के नाम हुई। जिले में महिलाएं एक साल में करीब 5000 करोड़ की संपत्तियों की मालिक बनी है। महिलाओं ने रजिस्ट्रियों में मिलने वाली छूट का फायदा उठाते हुए 94 करोड़ रुपये भी बचाये।

हाल ही में समाप्त हुए वित्तिय वर्ष 2023-24 में इंदौर पंजीयन विभाग में एक लाख 75 हजार 900 दस्तावेज पंजीकृत हुए और इससे 2415 करोड़ राजस्व मिला। इसमें 34300 रजिस्ट्रियां महिलाओं के नाम हुई है। इन रजिस्ट्रियों से महिलाओं ने राज्य शासन द्वारा दी जा रही 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट के तौर पर 94 करोड़ रुपये की छूट भी प्राप्त की। वरिष्ठ पंजीयक दीपक शर्मा ने बताया कि जिले में वित्तिय वर्ष 2022-23 की अपेक्षा 2023-24 में 331 करोड़ रुपये अधिक राजस्व मिला है। वहीं संपत्तियों की बात करें तो 6200 संपत्तियां अधिक पंजीकृत हुई है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा संपत्तियों के पंजीयन में दी जा रही छूट के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम पर संपत्तियों के पंजीयन किए जाने का चलन बढ़ा है। दो प्रतिशत छूट के लिए महिलाओं के नाम संपत्तियां पंजीकृत करने का चलन बढ़ा है। वहीं महिलाए भी विभिन्न क्षेत्रों में काम कर मोटी आय अर्जित कर रही हैं, इसलिए अब महिलाएं भी संपत्तियां खरीदने की तरफ अग्रसर हैं।


