Ambikapur crime Information : पिता की मोटरसाइकिल में लगा दी आग, घर भी जला
पारिवारिक विवाद पर पिता की मोटरसाइकिल जलाने तथा जान से मारने की धमकी देकर भय का माहौल निर्मित करने के आरोप पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। मोटरसाइकिल जलने के कारण घर में भी आग लग गई थी। इससे नुकसान हुआ है।
By Asim Sen Gupta
Publish Date: Tue, 02 Apr 2024 11:30 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 02 Apr 2024 11:30 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि अंबिकापुर। पारिवारिक विवाद पर पिता की मोटरसाइकिल जलाने तथा जान से मारने की धमकी देकर भय का माहौल निर्मित करने के आरोप पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। मोटरसाइकिल जलने के कारण घर में भी आग लग गई थी। इससे नुकसान हुआ है। घटना रघुनाथपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के दर्रीडीह की है। यहां रहने वाले कलम साय एक्का ने अपने पुत्र समीर को शादी के बाद अलग कर दिया है। घटना दिवस दो अप्रैल 2024 को आरोपित पुत्र ने पिता पर सहयोग नहीं करने और ध्यान नहीं देने का आरोप लगा विवाद करना शुरू कर दिया। आवेश में आकर घर के दरवाजे को टांगी से काट दिया और ताला तोड़ दिया। आरोपित द्वारा घर के अन्दर रखे पिता के मोटरसाइकिल को जला दिया गया था इससे घर में भी आग लग गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपित समीर एक्का को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
44 लीटर महुआ शराब के साथ दो गिरफ्तार
अंबिकापुर। धौरपुर पुलिस ने ग्राम चितरपुर टोंगरीपारा निवासी अर्जुन नागेश के कब्जे से 40 लीटर देशी महुआ शराब जब्त किया है। आरोपित लंबे समय से देशी महुआ शराब का निर्माण और उसकी बिक्री कर रहा था। इस बार पुलिस ने उसे शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य मामले में रामवचन राम रवि के ग्राम चंगोरी मंदिरपारा स्थित घर से चार लीटर महुआ शराब बरामद किया गया। दोनों मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
दुष्कर्म का आरोपित राजमिस्त्री जेल दाखिल
अंबिकापुर। निर्माण कार्य में लगी महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित राजमिस्त्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।घटना दिवस बीते 14 मार्च 2024 को महिला शहर के एक निर्माणाधीन भवन में काम करने गई थी। उसी दौरान राजमिस्त्री ने महिला के साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता का आरोप है कि बकाया राशि देने के नाम पर आरोपित राजमिस्त्री ने 27 मार्च 2024 को अजिरमा ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। शिकायत पर पुलिस ने एफआइआर पंजीकृत किया। राजमिस्त्री का मोबाइल नंबर पीड़िता के पास था। उसी को आधार बनाकर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। आरोपित श्यामलाल रवि (40) वर्ष कल्याणपुर थाना जयनगर का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

