MP Politics: कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में चलाया एक वोट-एक नोट कार्यक्रम
MP Politics: आयकर विभाग द्वारा वसूली के नोटिस का विरोध, भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने मांगे वोट-नोट।
By Prashant Pandey
Publish Date: Solar, 31 Mar 2024 07:57 PM (IST)
Up to date Date: Solar, 31 Mar 2024 08:04 PM (IST)

MP Politics: नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। आयकर विभाग द्वारा 1,823 करोड़ रुपये की वसूली का नोटिस देने पर कांग्रेस ने प्रदेशभर में रविवार को एक वोट-एक नोट कार्यक्रम कर विरोध दर्ज कराया। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लोकसभा प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव के साथ न्यू मार्केट में व्यापारियों को भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई से अवगत कराकर एक वोट-एक नोट मांगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर एक वोट-एक नोट कार्यक्रम किया। भोपाल में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा न्यू मार्केट में यह कार्यक्रम किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि जब भी प्रचार करने जाएं, एक वोट और एक नोट की मांग करें।
इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी राष्ट्रीय सचिव सीपी मित्तल, लोकसभा प्रभारी महेंद्र जोशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण अध्यक्ष अनोखी पटेल, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा जी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा लोगों को डरा-धमकाकर भ्रमित कर रही : मुकेश नायक
मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के नवनियुक्त अध्यक्ष मुकेश नायक ने रविवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को डरा-धमकाकर भ्रमित करने का काम कर रही है। कभी भगवान श्रीराम के नाम पर मुद्दों से ध्यान भटकाया जाता है तो कभी आपस में लड़ाकर भ्रमित किया जाता है। भाजपा का रामराज्य क्या प्रदेश में अराजकता फैलाने का है?
उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में हैं। भाजपा हमेशा आपस में लड़ाने की राजनीति करती आई है। रेडक्रास जैसी संस्था को मैंने सींचा और नया अस्पताल सिद्धांत बनाया। आज भाजपा राज में वहां के हालात बदतर हो गए।
इसके पहले उन्होंने मीडिया विभाग के नवनियुक्त मुख्य प्रवक्ता और प्रवक्ताओं के साथ बैठक की, जिसमें विपक्ष में मीडिया की भूमिका, कांग्रेस की रीति-नीति और भाजपा की जनविरोधी नीतियों पर मीडिया के समक्ष उठाने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई।















