Bihar Politics: जदयू ने विपक्ष की महारैली पर किया कटाक्ष, बोली- भ्रष्टाचारी को बचाने के लिए हुए एकजुट
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एक भ्रष्टाचारी को बचाने के लिए सारे भ्रष्टाचारी दिल्ली में एकजुट हुए हैं। जनता की मेहनत कमाई को हड़पने वालों पर कार्रवाई हो रही है, तो विपक्ष को परेशानी हो रही है।
By Anurag Mishra
Publish Date: Solar, 31 Mar 2024 09:53 PM (IST)
Up to date Date: Solar, 31 Mar 2024 09:53 PM (IST)

डिजिटल डेस्क, इंदौर। रविवार को इंडी गठबंधन की दिल्ली में महारैली हुई। इसमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई विपक्षी नेता शामिल हुए। इस महारैली पर जदयू ने कटाक्ष किया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एक भ्रष्टाचारी को बचाने के लिए सारे भ्रष्टाचारी दिल्ली में एकजुट हुए हैं। जनता की मेहनत कमाई को हड़पने वालों पर कार्रवाई हो रही है, तो विपक्ष को परेशानी हो रही है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारा साफ मानना है कि अगर किसी ने भी देश की जनता का पैसा लूटना है, तो उसके खिलाफ जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे व्यक्ति को अगर जेल होती है, तो इस पर इतना बौखलाने की क्या जरूरत है। अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन वह अभी तक दिल्ली के मुख्यमंत्री बने हुए हैं। उनको इस्तीफा देना चाहिए था, क्यों कि लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संदेश नहीं है। सत्ता में बने रहने के लिए लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली हुई। उसमें मंच पर बैठे ज्यादातर नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच हो रही है। कई नेता जमानत पर बाहर आए हुए हैं। यही कारण है कि सभी एक भ्रष्टाचारी के समर्थन में आए हैं।
उपेंद्र कुशवाह ने 40 लोकसभा सीटों पर तैनात किए प्रभारी
एनडीए गठबंधन का हिस्सा उपेंद्र कुशवाह की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को बिहार में एक लोकसभा सीट दी गई है। सीट मिलने के बाद से ही पार्टी ने सभी 40 सीटों के लिए प्रभारी बना दिए हैं। पार्टी की तरफ से दावा किया जा रहा है कि पार्टी सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।


