Rangpanchami Ger 2024: रंग पंचमी पर मिसाइलों से होगी रंगों की बौछार, देश-विदेश से आएंगे मेहमान।
By Sameer Deshpande
Publish Date: Sat, 30 Mar 2024 07:50 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 30 Mar 2024 07:50 AM (IST)
HighLights
- 75 साल की हो रही इंदौर की गेर। तीन गेर और एक फाग यात्रा निकलेगी।
- 3.5 किमी लंबे गेर मार्ग पर हर चेहरा नजर आएगा लाल-गुलाबी। 5 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान।
- 6 घंटे चलेगा रंगों से भिगोने का दौर। 60 से ज्यादा वाहन होंगे शामिल। नौ इमारतों से 130 से ज्यादा लोग निहारेंगे गेर
Rangpanchami Ger 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सालों पुरानी परंपरा को निभाते हुए शनिवार को शहरवासी रंगपंचमी पर गेर में रंगों से सराबोर होंगे। सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक रंगों का जादू बिखरेगा। यह पहला मौका है जब गेर में प्रदेश के मुखिया भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव शनिवार को नृसिंह बाजार में बद्रीनारायण मंदिर में आरती-पूजन कर हिंद रक्षक की फाग यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा में शामिल आराध्य के रथ को भी खींचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री संगम कार्नर की गेर में शामिल होकर शहरवासियों पर गुलाल व पिचकारी से रंगों की बौछार करेंगे। इस बार गेर में सबसे पुरानी 75वें साल निकाली जा रही टोरी कार्नर की गेर नहीं निकलेगी, लेकिन 70 साल से निकल रही संगम कार्नर का अनुभव भी किसी से कम नहीं है। रसिया कार्नर और मारल क्लब की मिसाइलें रंगों की बौछार करेंगी। हाइड्रोलिक मशीन से गीला-सूखा रंग उड़ाया जाएगा।
इस बार राधाकृष्ण फाग यात्रा में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति आकर्षण का केंद्र रहेगी। गेर आयोजन का दस्तावेजीकरण, फोटो व वीडियो बनाकर अगले वर्ष यूनेस्को में इंदौर की इस परंपरा को सांस्कृतिक धरोहर के रूप में दर्ज करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस बार जिला प्रशासन ने गेर मार्ग पर नौ इमारतों की छतों पर 130 लोगों के बैठकर देखने का इंतजाम किया है। गेर मार्ग पर एक मंच ऐसा भी होगा जहां से साधु-संतों की अगवानी होगी। मुख्यमंत्री गेर के बाद बाणगंगा क्षेत्र में कृष्ण रासरंग फाग यात्रा में शामिल होंगे।
सुरक्षा के इंतजाम
-500 सीसीटीवी कैमरे, 10 ड्रोन के माध्यम से निगरानी
-2 हजार पुलिसकर्मियों के साथ अश्वारोही बल भी तैनात
-10 सेक्टर में गेर मार्ग को बांट सुरक्षा इंतजाम, वाच टावर से निगरानी
-रस्सा पार्टी में 200 लोग रहेंगे
-सादे कपड़ों में रहेंगे पुलिसकर्मी
-गेर में प्रवेश मार्ग पर ब्रीद एनालाइजर से होगी जांच
75 से ज्यादा एनआरआइ गेर देखने इंदौर आए
गेर में 75 से ज्यादा एनआरआइ शामिल होंगे। इन्होंने पंजीयन करवाया है। ऐसे में गेर मार्ग पर दो वाहनों में एनआरआइ को बैठाकर शामिल किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका से आए आठ एनआरआइ जैन भवन की छत से गेर निहारेंगे।






