MP Lok Sabha Election 2024: चुनिंदा सीटों पर राहुल और प्रियंका का जोर, मालवांचल और ग्वालियर-चंबल में करेंगे सभाएं

MP Lok Sabha Election 2024: मध्य प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव अभियान का खींचा खाका, केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के लिए भेजा जा रहा प्रस्ताव।

By vaibhav shridhar

Publish Date: Fri, 29 Mar 2024 04:00 AM (IST)

Up to date Date: Fri, 29 Mar 2024 04:00 AM (IST)

MP Lok Sabha Election 2024: चुनिंदा सीटों पर राहुल और प्रियंका का जोर, मालवांचल और ग्वालियर-चंबल में करेंगे सभाएं
राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा एमपी में करेंगे प्रचार।

HighLights

  1. कांग्रेस की तैयारी यहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की दस सभाएं कराने की है।
  2. कांग्रेस को मुरैना लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से पांच पर जीत मिली थी।
  3. न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश में एक मात्र बड़ी सभा धार जिले के बदनावर में की थी।

MP Lok Sabha Election 2024: वैभव श्रीधर, भोपाल। कांग्रेस मध्य प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मुरैना, ग्वालियर और खंडवा के प्रत्याशी भी एक-दो दिन में तय हो जाएंगे। प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के बाद अब पार्टी चुनाव प्रचार अभियान को अंतिम रूप देने में जुट गई है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को जोर चुनिंदा सीटों पर है। इनमें वे सीटें शामिल हैं, जहां विधानसभा चुनाव में पार्टी को मतदाताओं का सहारा मिला है। इसमें मालवांचल, ग्वालियर-चंबल और महाकोशल क्षेत्र शामिल है।

प्रदेश कांग्रेस की तैयारी यहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की दस सभाएं कराने की है। इसका प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है, जिसे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को सहमति के लिए भेजा जा रहा है।

विधानसभा चुनाव के हिसाब से देखें तो कांग्रेस को मुरैना लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से पांच पर जीत मिली थी। इसी तरह ग्वालियर और भिंड में चार-चार, छिंदवाड़ा में सात, मंडला और बालाघाट में चार-चार, रतलाम में तीन, धार में पांच, खरगोन में पांच और टीकमगढ़ में तीन सीटों पर विजय मिली थी।

naidunia_image

पार्टी इसे देखकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की इन क्षेत्रों में सभा कराने की तैयारी कर रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश में एक मात्र बड़ी सभा धार जिले के बदनावर में की थी। यहां उन्होंने आदिवासी बनाम वनवासी के मुद्दे को उठाकर भाजपा को घेरने का प्रयास किया था।

बालाघाट, छिंदवाड़ा और मंडला में प्रियंका गांधी वाड्रा की सभा हो सकती है तो बाकी स्थानों पर राहुल गांधी के कार्यक्रम प्रस्तावित किए जा रहे हैं। उज्जैन संसदीय क्षेत्र में आने वाली आठ विधानसभाओं में भले ही कांग्रेस केवल दो सीटें जीती हो पर यहां राहुल सभा कर सकते हैं। पार्टी ने यहां से तराना के विधायक महेश परमार को प्रत्याशी बनाया है।

रतलाम में कांग्रेस ने तीन विधानसभा सीट जीतीं और एक सीट भारत आदिवासी पार्टी के कमलेश्वर डोडियार विजयी रहे थे। यहां मुकाबला कांतिलाल भूरिया और भाजपा की अनीता नागर चौहान से है जो वन मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी से है।

सामाजिक समीकरणों को देखते हुए बनेंगे कार्यक्रम- प्रदेश कांग्रेस सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर कार्यक्रम प्रस्तावित कर रही है। धार, खरगोन, रतलाम, मंडला और छिंदवाड़ा में आदिवासी बड़ी संख्या में हैं। इन सभी लोकसभा सीटों पर आदिवासी मतदाताओं ने कांग्रेस का साथ दिया था। इसी तरह मुरैना, भिंड और ग्वालियर सीट पर भी कांग्रेस को समर्थन मिला। इसे देखते हुए यहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के कार्यक्रम का प्रस्ताव है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में कराना चाहती है।

यहां की तीन विधानसभा सीटें कांग्रेस ने जीती थी। विधानसभा चुनाव के दौरान खरगे से अभियान की शुरुआत सागर से कराई गई थी। यहां अनुसूचित जाति के मतदाता प्रभावी भूमिका में हैं। विंध्य में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मुरैना, ग्वालियर और रतलाम में राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।

अंचलवार कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं को दी जिम्मेदारी

कांग्रेस ने चुनाव प्रचार अभियान को गति देने के लिए अंचलवार वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी भी सौंप दी है। कमल नाथ महाकोशल, विवेक तन्खा बुंदेलखंड, अरुण यादव और उमंग सिंघार मालवांचल, अजय सिंह विंध्य और डा.गोविंद सिंह ग्वालियर-चंबल अंचल की सीटों को देखेंगे। इनके और प्रत्याशी के सुझाव के आधार पर केंद्रीय नेताओं के दौरे और स्थान तय किए जाएंगे।

  • ABOUT THE AUTHOR

    नईदुनिया डॉट कॉम इंदौर में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ डेस्क पर वरिष्ठ उप-संपादक। पत्रकारिता और जनसंचार में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से बैचलर और विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से मास्टर्स डिग्री। इंदौर में 2014