BJP in South Politics ऐसा माना जा रहा है कि 19 अप्रैल को पूरे राज्य में एक साथ मतदान के साथ ही यह स्थिति बदलने वाली है।
By Sandeep Chourey
Publish Date: Fri, 29 Mar 2024 11:56 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 29 Mar 2024 11:56 AM (IST)
HighLights
- अन्नामलाई युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं।
- हमलावर तेवरों, तीखे बुद्धिमत्तापूर्ण जवाबों के कारण लोग उनकी ओर तेजी से आकर्षित होते हैं।
- अन्नामलाई कई जाने-पहचाने अल्पसंख्यक चेहरों को पार्टी के खेमे में लाने में सफल रहे।
मनीष तिवारी, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी शुरू हो चुकी है और सभी की निगाहें इस बात पर भी टिकी है कि आखिरकार भाजपा तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में कमल कैसे खिलाएगी, लेकिन भाजपा सियासी जंग में तमिलनाडु को लेकर काफी आश्वस्त नजर आ रही है। भाजपा को एक ऐसा सियासी सिंघम मिल चुका है, जिसके काम की तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी कर चुके हैं। हम बात कर रहे हैं पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई की।
शानदार है अन्नामलाई की टाइमिंग
के. अन्नामलाई के विरोधी भले उनके हाथ में महंगी फ्रेंच घड़ी को लेकर सवाल उठाएं, लेकिन साथ में इस बात का समर्थन भी करते हैं कि कि तमिलनाडु की सियासत में अन्नामलाई की टाइमिंग शानदार है। कभी सिंघम शैली में काम करने वाले पुलिस अफसर अन्नामलाई अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद सिपाही बन चुके हैं। यहां तक की उनकी यात्रा भी काफी उल्लेखनीय है।
तमिलनाडु में भाजपा का चेहरा है अन्नामलाई
के. अन्नामलाई तमिलनाडु में भाजपा का चेहरा भी हैं और उम्मीद भी हैं। के. अन्नामलाई सिर्फ कोयंबटूर में भाजपा प्रत्याशी ही नहीं है, बल्कि वास्तविक चुनौती तमिलनाडु में भाजपा के उदय को सुनिश्चित करने की है। अन्नामलाई अगस्त 2020 में ही भाजपा में शामिल हुए थे और 1 साल के अंदर ही उन्हें राज्य इकाई का प्रमुख बना दिया गया था। अन्नामलाई में छिपी संभावनाओं को पहचानने का यह सटीक समय है।
आक्रामक राजनीति करते हैं अन्नामलाई
बेहद कम समय में ही अन्नामलाई ने अपनी पहचान एक आक्रामक नेता की बनाई है। अन्नामलाई के निशाने पर पहले सत्ताधारी द्रमुक की ओर थे, लेकिन परिस्थितियां बदलने के साथ कुछ अवसरों पर सहयोगी AIADMK पर भी निशाना साधने से नहीं चूके। ऐसा माना जा रहा है कि 19 अप्रैल को पूरे राज्य में एक साथ मतदान के साथ ही यह स्थिति बदलने वाली है।
पूर्व आईपीएस अन्नामलाई युवाओं में लोकप्रिय
अन्नामलाई युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं। हमलावर तेवरों, तीखे बुद्धिमत्तापूर्ण जवाबों के कारण लोग उनकी ओर तेजी से आकर्षित होते हैं। अन्नामलाई कई जाने-पहचाने अल्पसंख्यक चेहरों को पार्टी के खेमे में लाने में सफल रहे। द्रमुक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर उनकी ओर से जारी की गई DMK फाइल्स का असर इतना ज्यादा हुआ कि स्टालिन की पार्टी के पसीने छूट गए। पूरी ताकत के साथ अन्नामलाई ने द्रमुक की नींद खराब कर दी है।
2019 में छोड़ी आईपीएस की नौकरी
अन्नामलाई तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष हैं। इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन के बाद मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और UPSC पास कर IPS बन गए। 2013 में कर्नाटक पुलिस में ASP के रूप में नियुक्त हुए। चिकमंगलूर में पुलिस अधीक्षक (SP) का पदभार संभाला। साल 2019 में अन्नामलाई ने IPS पद छोड़ दिया और भाजपा ज्वाइन कर ली थी।
- ABOUT THE AUTHOR
कई मीडिया संस्थानों में कार्य करने का करीब दो दशक का अनुभव। करियर की शुरुआत आकाशवाणी केंद्र खंडवा से हुई। महाराष्ट्र में फील्ड रिपोर्टिंग, भोपाल दूरदर्शन, ETV न्यूज़ सहित कुछ रीजनल न्यूज चैनल में काम करके इलेक् …