Rajgarh Lok Sabha Election: 33 वर्ष बाद दिग्विजय नापेंगे राजगढ़ के गांव-गांव, करेंगे पदयात्रा, लगाएंगे चौपाल

Rajgarh Lok Sabha Election: तीसरे चरण में होगा राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र का चुनाव, 12 अप्रैल को जारी होगी अधिसूचना।

By Prashant Pandey

Publish Date: Thu, 28 Mar 2024 09:43 PM (IST)

Up to date Date: Thu, 28 Mar 2024 09:56 PM (IST)

Rajgarh Lok Sabha Election: 33 वर्ष बाद दिग्विजय नापेंगे राजगढ़ के गांव-गांव, करेंगे पदयात्रा, लगाएंगे चौपाल
राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह।

HighLights

  1. भाजपा से मुकाबले के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिगग्ज नेता ने बनाई अपनी रणनीति।

Rajgarh Lok Sabha Seat Election: नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ लोकसभा सीट से 33 वर्ष बाद चुनाव लड़ रहे हैं। वह चुनाव प्रचार के लिए गांव-गांव नापेंगे। इसकी शुरुआत वह 31 मार्च को इस संसदीय क्षेत्र की सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में नलखेड़ा स्थित माता बगुलामुखी के दर्शन करने के बाद पदयात्रा से करेंगे। क्षेत्र में चाचौड़ा, राघोगढ़, नरसिंहगढ़, ब्यावरा, राजगढ़, खिलचीपुर, सुसनेर और सारंगपुर, आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उनकी एक-एक दिन पदयात्रा होगी, जो 25 से 30 किलोमीटर तक की होगी। इसके बाद वह रात्रि विश्राम भी उसी क्षेत्र के किसी गांव में करेंगे, जहां चौपाल लगाई जाएगी। राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र का चुनाव तीसरे चरण में होगा। इसके लिए नामांकन पत्र 12 अप्रैल से दाखिल किए जाएंगे। दिग्विजय सिंह का मुकाबला राजगढ़ से दो बार के सांसद भाजपा के रोडमल नागर से है।

दिग्विजय सिंह ने इसके पहले राजगढ़ लोकसभा से तीन चुनाव- 1984, 1989 और 1991 में लड़े। 1989 का चुनाव वह भाजपा के प्यारेलाल खंडेलवाल से पराजित हो गए थे। 1993 में मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने पर दिग्विजय ने लोकसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था और उसके बाद उपचुनाव में उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस ने टिकट दे दिया था।

1991 के बाद अब दिग्विजय राजगढ़ से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने इसकी तैयारी शुरू करने के साथ खास रणनीति बनाई है। वह सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुके हैं। अब आमजन से संपर्क के लिए गांव-गांव पहुंचने का कार्यक्रम बनाया है।

इसके लिए वह प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक दिन पदयात्रा करेंगे। मार्ग का निर्धारण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा। प्रयास यही रहेगा कि अधिक से अधिक गांव में संपर्क हो जाए। इस दौरान नुक्कड़ सभाएं भी होंगी।

  • ABOUT THE AUTHOR

    नईदुनिया डॉट कॉम इंदौर में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ डेस्क पर वरिष्ठ उप-संपादक। पत्रकारिता और जनसंचार में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से बैचलर और विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से मास्टर्स डिग्री। इंदौर में 2014