Lok Sabha Election 2024: अधिकारी-कर्मचारियों पर कमिश्नर सख्त, बोले- तीन दिनों में सभी शस्त्र थानों में कराएं जमा
कमिश्नर ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन के दौरान सभी अधिकारी, कर्मचारी आदर्श आचरण संहिता का पालन करते हुए पूर्णतः तटस्थ और निष्पक्ष होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Thu, 28 Mar 2024 10:57 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 28 Mar 2024 10:57 PM (IST)

HighLights
- आदर्श आचरण संहिता का अक्षरश: पालन सुनिश्चित कराएं-कमिश्नर
अनूपपुर, (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लोकसभा निर्वाचन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को आदर्श आचरण संहिता का अक्षरश: पालन करने के निर्देश कमिश्नर शहडोल संभाग बीएस जामोद ने दिए हैं।
कमिश्नर ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन के दौरान सभी अधिकारी, कर्मचारी आदर्श आचरण संहिता का पालन करते हुए पूर्णतः तटस्थ और निष्पक्ष होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। लोकसभा निर्वाचन निर्विघ्न रूप से शांतिपूर्वक सम्पन्न होना चाहिए। कमिश्नर कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
.jpg)
कमिश्नर ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था की माकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। मतदाता अपने मत का प्रयोग निर्भय और निडर होकर करें, ऐसी कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था की माकूल व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से सभी लाइसेंसी शस्त्र आगामी तीन दिवसों में जमा कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। अवैध शस्त्र धारकों पर सख्त कार्यवाही करें। एस एस टी अंतर्राज्यीय चेकपोस्टों में सख्ती के साथ चेकिंग करें।
बैठक में कमिश्नर ने खनिज अधिकारी अनूपपुर को निर्देश दिए कि वे रेत के अवैध परिवहन, उत्खनन और भण्डारण पर सख्त कार्यवाही करें और की गई कार्यवाही से कमिश्नर कार्यालय को प्रतिदिन अवगत कराएं। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी निर्वाचन नामावलियों को एक बार पुनः चेक कर लें तथा ईव्हीएम और व्हीव्हीपैट वर्किंग कन्डीशन में है अथवा नहीं यह भी देख लें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को पूरी गंभीरता से प्रशिक्षण दें।
ईवीएम संचालन का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दें और मतदान दलों को ईव्हीएम आपरेट करना भी सिखाएं। कमिश्नर ने अधिकारियों को मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान केन्द्रों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशानुसार शत-प्रतिशत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदान केंद्रों में मतदान दलों के लिए स्वच्छ शौचालयों की भी व्यवस्था कराएं।
कमिश्नर ने अधिकारियों को सम्पत्ति विरूपण के प्रकरणों में सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर भी नियमानुसार कार्यवाही करें और लोकसभा निर्वाचन में सभाओं और वाहनों की अनुमति देने की प्रक्रिया में पूर्णतः पारदर्षिता रखें।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि शहडोल संसदीय क्षेत्र में 19 अप्रैल को मतदान है, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। बैठक में कलेक्टर आशीष वषिष्ठ ने लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अनूपपुर जिले में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
निर्वाचन कार्यों में सतत् समन्वय बनाने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। अंतर्राज्यीय चेकपोस्टों में सतत निगरानी रखी जा रही है। चेकपोस्टों में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए गए हैं। क्रिटीकल और वल्नरेबल मतदान केन्द्रों को चिन्हित कर लिया गया है।


