Shashank Bhargava BJP मंगलवार को दोपहर से ही भार्गव के भाजपा में शामिल होने की चर्चा शहर में चल पड़ी थी। शाम होते होते स्पष्ट हो गया। कांग्रेस के विधायक रहे शशांक भार्गव के भाजपा में शामिल होने में उनके राजनीतिक गुरु सुरेश पचौरी की बड़ी भूमिका बताई जा रही है।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Tue, 26 Mar 2024 08:58 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 26 Mar 2024 09:56 PM (IST)
HighLights
- सवा दिन में कांग्रेस को तीसरा झटका, पूर्व विधायक भार्गव भाजपा में शामिल
विदिशा (नवदुनिया प्रतिनिधि)। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को सवा महीने के भीतर तीसरा बड़ा झटका लगा है। मंगलवार को विदिशा से कांग्रेस के विधायक रहे शशांक भार्गव ने भी अपने साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। भार्गव ने ही 36 वर्ष बाद वर्ष 2018 में भाजपा के इस गढ़ को भेद कर जीत हासिल की थी। उनके भाजपा में शामिल होने में उनके राजनीतिक गुरु सुरेश पचौरी की बड़ी भूमिका बताई जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज और वीडी शर्मा के सामने ली सदस्यता
मंगलवार को दोपहर से ही भार्गव के भाजपा में शामिल होने की चर्चा शहर में चल पड़ी थी। शाम होते होते स्पष्ट हो गया था कि वे अपने कुछ साथियों के साथ भोपाल भाजपा कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले है। शाम करीब सात बजे उन्होंने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और विदिशा विधायक मुकेश टंडन की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
उनके साथ भाजपा की सदस्यता लेने वालों में जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र रघुवंशी, पूर्व पार्षद एवं विदिशा व्यापार महासंघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेश मोतियानी , दीवान किरार, राजू दांगी शामिल थे। मालूम हो, पिछले माह 12 फरवरी को कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश कटारे भाजपा में शामिल हुए थे। इसके कुछ दिनों बाद ही पूर्व विधायक और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे डा.मेहताब सिंह यादव ने भी अपने बेटे और बहू के साथ भाजपा का दामन थाम लिया था।
पचौरी ने लिखी भाजपा में जाने की पटकथा
सूत्रों के अनुसार भार्गव के भाजपा में शामिल होने की पटकथा पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी ने लिखी। भार्गव पचौरी से वर्ष 1977 से जुड़े हुए है और उनके पारिवारिक मित्र भी है। जब पचौरी भाजपा में शामिल हुए थे, तभी से भार्गव के जाने की चर्चाएं चल पड़ी थी लेकिन भार्गव ने सार्वजनिक रूप से इस पर कोई टिप्पणी नहीं की। पचोरी के भाजपा में शामिल होने से पहले भी भार्गव की पूर्व सीएम शिवराज सिंह से भोपाल बंगले पर मुलाकात हुई थी। उस समय भार्गव ने इस भेंट को सौजन्य भेंट बताया था।
चौहान के खिलाफ भी लड़ चुके है चुनाव
भार्गव कांग्रेस की टिकट पर पांच बार विदिशा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके है। वर्ष 2008 से वर्ष 2023 तक वे ही कांग्रेस के प्रत्याशी रहे। वर्ष 2013 के चुनाव में वे शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव मैदान में थे। इस बार लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की ओर से उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा थी लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था।
एक हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी
भार्गव के करीबियों के मुताबिक आगामी 31 मार्च को विदिशा विधानसभा क्षेत्र के एक हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मंगलवार रात में पूर्व सीएम शिवराज सिंह और भार्गव के बीच बैठक भी हुई है। सूत्रों का कहना है कि 31 मार्च को भाजपा पूरे प्रदेश में सदस्यता का महा अभियान कार्यक्रम आयोजित करने वाली है। इसी के तहत विदिशा में भी एक बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री चौहान भी शामिल होंगे। इसी दौरान भार्गव समर्थक कांग्रेसी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
विदिशा से कांग्रेस के पूर्व विधायक शशांक भार्गव सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ली। भार्गव के अतिरिक्त नर्मदापुरम, नरसिंहपुर एवं रायसेन के कुछ कांग्रेस नेता भी भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने अंग वस्त्र पहनाकर सभी का स्वागत किया।
इस अवसर पर हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में आए सुरेश पचौरी भी उपस्थित थे। रायसेन के जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, विदिशा नगर अध्यक्ष सुरेश मोतियानी, कांग्रेस कमेटी के ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र रघुवंशी आदि ने भाजपा की सदस्यता ली।
यहां मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का परिवार निरंतर बढ़ रहा है। पार्टी में छोटे से कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलती है। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम करेंगे। भारत को दुनिया में और प्रदेश को नंबर एक प्रदेश बनाने की दिशा में मिलकर काम करना है।
विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा में सिर्फ बड़े नेता ही नहीं देशभर में हर बूथ पर भाजपा का सदस्यता अभियान चल रहा है। विदिशा में शशांक भार्गव ही कांग्रेस को जीवित किए हुए थे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भार्गव जननेता हैं। वे वहां से पांच बार चुनाव लड़े।