लाइव आकर एसपी बोले- शांति और प्रेमपूर्वक मनाएं त्योहार, पुलिस हर पल आपके साथ

इंटरनेट मीडिया पर लाइव आकर एसपी रजनेश सिंह ने प्री-होली गाइडलाइंस की दी जानकारी

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Solar, 24 Mar 2024 11:24 PM (IST)

Up to date Date: Solar, 24 Mar 2024 11:24 PM (IST)

लाइव आकर एसपी बोले- शांति और प्रेमपूर्वक मनाएं त्योहार, पुलिस हर पल आपके साथ
एसपी रजनेश सिंह

बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)।

होली के एक दिन पहले जिले के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इंटरनेट मीडिया में लाइव आए और आमजनता से आगामी त्योहार को लेकर जरूरी जानकारी प्रदान की। इस दौरान उन्होंने शांतिपूर्ण व प्रेमपूर्वक होली मनाने की अपील की। उन्होंने प्री-होली गाइडलाइंस की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लगी हुई है, इसलिए इसका ध्यान रखकर त्योहार मनाएं। उन्होंने पुलिस की तैयारियों की भी जानकारी साझा की और लोगो से यह भी कहा कि किसी भी तरह की समस्या आए तो तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दें, पुलिस हर समय आप सबकी मदद के लिए उपलब्ध है। एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि, सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार का आनंद ले पाएं इसके लिए पुलिस ने पूरी तैयार की हुई है। पुलिस ने पुराने गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पहले ही जेल भेज दिया है, साथ ही पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने होली को देखते हुए 86 पेट्रोलिंग पार्टी बनाई है, जो पूरे जिले में लगातार नजर रखे रहेगी, साथ ही 150 से ज्यादा फिक्स पाइंट बनाए गए हैं, जहां हर समय पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।

यूथ को दिया संदेश, कहा-नशे से रहें दूर-

इस दौरान एसपी सिंह ने कहा कि यूथ नशे से दूर रहे और अपनी एनर्जी को सकारात्मक दिशा की ओर लगाए। नशे के हालत में कतई वाहन ना चलाएं, क्योकि इसकी वजह से अक्सर हादसे होते हैं, जिससे कई परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ता है।

बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा पर दे ध्यान-

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अपने घर व आसपास के बुजुर्गों, महिलाओं और खासकर बच्चे व बच्चियों का विशेष ख्याल रखें। उनकी सुरक्षा के लिए अपना योगदान दें और उनका हमेशा सम्मान करें।

इंटरनेट मीडिया चलाते समय रखे विशेष ख्याल-

लाइव आकर एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि इंटरनेट मीडिया में आज के समय कई ऐसी अनुपयोगी चीजें होती हैं, जिससे खुद को दूर रखें। इन नकारात्मक चीजों पर ध्यान ना दें, साथ ही अफवाहों से दूर रहें।

नशे में दौड़ाएंगे वाहन तो गाड़ियां होंगी जब्त-

होली में हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे लोगों से कड़ाई के साथ पुलिस निपटेगी। नशे के हालत में वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने वाले लोगों की गाड़ी जब्त कर ली जाएगी, पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा है कि नशे के हालत में सड़क पर लापरवाह तरीके से गाड़ी चलाने वाले लोगों को नहीं छोड़ा जाएगा। एसपी के निर्देश पर सभी थानों में शांति समिति की बैठक कर नागरिकों से होली पर्व शांति और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गई है।