Korba Accident Information: बस व ट्रक में टक्कर से हेल्पर की मौत, तीन यात्री घायल
पुलिस ने ब्लैक स्पाट चयन कर सुधार कार्य किया है, पर चालक अपनी रफ्तार कम नहीं कर पा रहे हैं। दुर्घटना होने से क्षेत्र के लोगों में भी नाराजगी व्याप्त है।
By Pradeep Barmaiya
Publish Date: Solar, 24 Mar 2024 12:07 AM (IST)
Up to date Date: Solar, 24 Mar 2024 12:07 AM (IST)

HighLights
- घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
- चालक क्षतिग्रस्त केबिन में फंसा रहा तीन घंटे
- अंबिकापुर मार्ग में भी टकराए ट्रक व बस
कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग में थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिलासपुर- कटघोरा मार्ग में हुई बस व ट्रक के बीच टक्कर में हेल्पर की मौत हो गई। वहीं बस में सवार तीन यात्रियों को मामूली चोंट आई, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
बिलासपु-कटघोेरा- अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में लगातार हो रही दुर्घटना से प्रशासन व पुलिस चिंतित है, उपाय करने के बाद भी दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार की देर रात बिलासपुर-कटघोरा मार्ग में पुन: घटना हुई। बिलासपुर से अंबिकापुर जा रही पापुलर बस और ट्रक में पाली थाना अंतर्गत ग्राम माखनपुर के पास टक्कर हो गई। घटना में बस के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और हेल्पर की गंभीर रूप से चोट लगने पर मृत्यु हो गई। देर रात हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
बस में सवार तीन यात्रियों को मामूली चोंट आई। सूचना मिलने पर स्थल डायल 112 व पाली पुलिस पहुंची और बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाल कर अन्य साधन गंतव्य भेजा। वहीं घायलों को उपचार के लिए पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। जहां उनका उपचार चल रहा है और उनकी स्थित स्थिर बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। इस मार्ग में चलने वाले वाहनों की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। बेलगाम दौड़ रहे वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। पुलिस ने ब्लैक स्पाट चयन कर सुधार कार्य किया है, पर चालक अपनी रफ्तार कम नहीं कर पा रहे हैं। दुर्घटना होने से क्षेत्र के लोगों में भी नाराजगी व्याप्त है।
चालक क्षतिग्रस्त केबिन में फंसा रहा तीन घंटे
कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कटघोरा- अंबिकापुर मार्ग में भी बस व ट्रक के मध्य आमने- सामने टक्कर हो गई। घटना में बस में सवार यात्री बाल- बाल बच गए, पर दोनों वाहन के चालक घायल हो गए। चालक तीन घंटे क्षतिग्रस्त केबिन में फंसा रहा। जिसे किसी तरह बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रात दो बजे हुई। बताया जा रहा है कि बिलासपुर से अंबिकापुर जा रही यात्री बस क्रमांक सीजी 15 एबी 9555 बिलासपुर से अंबिकापुर जा रही थी, तभी रात दो बजे कटघोरा- अंबिकापुर मार्ग में सामने से आ रही ट्रक से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक गलत साइड से तेज गति से कटघोरा की ओर जा रहा था, तभी बस से सामने से टक्कर हो गई। घटना में ट्रक व बस का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक चालक का पैर फंस जाने से टूट गया। वहीं बस चालक का हाथ फैक्चर हो गया। दोनों घायल को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहीं बस में सवार यात्री बाल- बाल बच गए, कुछ यात्री को मामूली चोंट आई। घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 टीम व पुलिस स्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

