ED ने आप विधायक गुलाब सिंह यादव पर भी कसा शिकंजा, कई ठिकानों पर जारी है छापेमारी
AAP MLA Gulab Singh Yadav हम गुजरात में चुनाव लड़ रहे हैं और पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह यादव के यहां आज छापेमारी हो रही है।
By Sandeep Chourey
Publish Date: Sat, 23 Mar 2024 10:04 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 23 Mar 2024 10:04 AM (IST)

HighLights
- शनिवार सुबह से ही ईडी की टीम आप विधायक गुलाब सिंह के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
- AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे विपक्ष को जेल में डालने में व्यस्त है।
- सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ऐसा बांग्लादेश, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया में देखा जा चुका है।
एएनआई, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप पार्टी के अन्य नेताओं की भी मुसीबत बढ़ती जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय ने आज सुबह आप विधायक गुलाब सिंह पर भी शिकंजा कसते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की है। समाचार एजेंसी एएनआई ने जानकारी दी है कि शनिवार सुबह से ही ईडी की टीम आप विधायक गुलाब सिंह के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और खबर लिखे जाने तक कार्रवाई जारी है। अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि गुलाब सिंह पर किन मामलों के तहत ईडी की छापेमारी चल रही है।
तानाशाही की राह पर चल रहा देश
आप विधायक गुलाब सिंह यादव के ठिकानों पर ED की छापेमारी पर दिल्ली के मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ”न केवल भारत बल्कि दुनिया भर के लोगों को पता चल गया है कि भाजपा सरकार पूरे विपक्ष को जेल में डालने में व्यस्त है। ये देश रूस की राह पर चल रहा है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ऐसा बांग्लादेश, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया में देखा जा चुका है और अब भारत भी इसी रास्ते पर है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अब तानाशाही की राह पर है, जहां लोगों के बुनियादी अधिकार खत्म हो जाएंगे, जहां विपक्ष को रोक दिया जाएगा।
विपक्ष को डराने की कोशिश
आप नेता ने कहा कि आप पार्टी के 4 शीर्ष नेता झूठे मुकदमों में जेल में हैं। हम गुजरात में चुनाव लड़ रहे हैं और पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह यादव के यहां आज छापेमारी हो रही है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में AAP नेताओं और अन्य विपक्षी नेताओं पर छापे मारे जाएंगे ताकि विपक्ष डरकर चुप हो जाए।
केंद्र सरकार पर संजय राउत का निशाना
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बात करते हुए शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, “भाजपा के लिए इस बार का लोकसभा चुनाव कठिन है। लोगों को कष्ट देने का उनका कार्यक्रम जारी रहेगा। आज इस देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। किसी को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। भारत में इन दिनों रूस और चीन जैसा पैटर्न चल रहा है। जनता ने अरविंद केजरीवाल को अपना मुख्यमंत्री चुना है। इसलिए केवल लोग ही उनके भाग्य का फैसला करेंगे।


