आरएमओ डॉ. चेतन ब्राह्मणे ने बताया कि एक दिन पूर्व घर के बाहर मिली नवजात बच्ची की आयु करीब 15-16 दिन है।
By Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Fri, 22 Mar 2024 07:21 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 22 Mar 2024 07:21 AM (IST)
HighLights
- 15-16 दिन पूर्व हुआ हैं जन्म, डॉक्टर्स की टीम ने चम्मच से दूध-भोजन देना शुरू किया
- टीआई दिनेशसिंह कुशवाह ने बताया कि सूचना मिलने पर बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
- बच्ची को कौन छोड़कर गया हैं, उसका पता लगा रहे हैं।
बड़वानी। जिला मुख्यालय पर बुधवार शाम रानीपुरा में एक मकान के चढ़ाव पर नवजात बालिका को कोई छोड़ गया। साथ ही एक पर्ची भी छोड़ी गई। उक्त बालिका का महिला अस्पताल नई विंग की तीसरी मंजिल स्थित एसएनसीयू में उपचार जारी है। बालिका की आयु करीब 15-16 दिन है। फिलहाल उसका स्वास्थ्य ठीक है। वहीं मामले को लेकर कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है।
आरएमओ डॉ. चेतन ब्राह्मणे ने बताया कि एक दिन पूर्व घर के बाहर मिली नवजात बच्ची की आयु करीब 15-16 दिन है। उसका एसएनसीयू में उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है। डॉक्टर्स व स्टाफ उसकी देखभाल कर रहे है।
गुरुवार को बालिका को चम्मच से दूध व भोजन दिया गया। स्वस्थ्य होने तक उसे यहां रखा जाएगा। उधर घर के बाहर मिली नवजात मामले में कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है। टीआई दिनेशसिंह कुशवाह ने बताया कि सूचना मिलने पर बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बच्ची को कौन छोड़कर गया हैं, उसका पता लगा रहे हैं। संबंधित क्षेत्र के सीसीटीवी भी खंगाल रहे है। साथ ही 15 दिन पूर्व हुए प्रसव रिकार्ड की जांच करेंगे।
यह है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को रानीपुरा में एक मकान के चढ़ाव पर बच्ची मिली थी। साथ ही एक पर्ची भी मिली थी। जिस पर लिखा था कि आप जो कोई भी हो मेरी बेटी को बड़ी कर लेना, इसे किसी अनाथ आश्रम में मत देना। इसके बाद संबंधित ने पुलिस को सूचना दी।






