Election Information: पंजाब में शिअद से BJP का गठबंधन संभव, BJD से टाई-अप अभी फाइनल नहीं, अमित शाह बोले- UP में 2014 का रिकॉर्ड तोड़ेंगे
Lok Sabha Election 2024: इस बार कुल सात चरणों में लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। वोटोें की गिनती 4 जून को होगी।
By Arvind Dubey
Publish Date: Thu, 21 Mar 2024 07:12 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 21 Mar 2024 07:12 AM (IST)

HighLights
- लोकसभा चुनाव में पार्टियों ने झोंकी ताकत
- पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन जारी
- 21 राज्यों की 102 सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान
एजेंसी, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) में इस बार एनडीए और इंडी गठबंधन (NDA vs INDIA) का मुकाबला होने जा रहा है। भाजपा की अगुवाई में एनडीए ऐतिहासिक रूप से मजबूत नजर आ रहा है, तो कांग्रेस को इंडी गठबंधन में दलों को एकजुट रखने में शुरू से मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। यहां पढ़िए लोकसभा चुनाव 2024 से जुड़ी 21 मार्च 2024 की हर अपडेट
पंजाब: अमित शाह ने दिए गठबंधन के संकेत, शिअद ने बुलाई कोर कमेटी की बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन के संकेत दिए हैं। शाह ने स्पष्ट कर दिया है कि एनडीए के सबसे पुराने घटक दल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है। अगले 2-3 दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उधर, शिअद ने भी 22 मार्च को कोर कमेटी की बैठक बुला ली है। इस बैठक में कोर कमेटी गठबंधन करने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल को सौंप देगी।
बीजू जनता दल (बीजेडी) के साथ संभावित गठबंधन पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी इस साल ओडिशा में अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने में सफल रहेगी। – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
उत्तर प्रदेश: अमित शाह बोले- तोड़ेंगे 2014 की जीत का रिकॉर्ड
अमित शाह ने एक इंटरव्यू में कहा कि भाजपा को इस बार पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से 25 से अधिक लोकसभा सीटें मिलेंगी। वहीं उत्तर प्रदेश को लेकर गृह मंत्री ने दावा किया किया यहां भाजपा 80 में से 71 सीटों (सहयोगियों सहित 73) जीतकर अपने 2014 के रिकॉर्ड को तोड़ देगी।
कर्नाटक: चुनाव आयोग ने दिए केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा की बेंगलुरु उत्तर से प्रत्याशी शोभा करंदलाजे की ओर से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। तमिलनाडु की पार्टी द्रमुक ने करंदलाजे पर आरोप लगाया है कि केंद्रीय मंत्री ने दावा किया है कि एक मार्च को बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में आइईडी के जरिये किए गए विस्फोट के लिए तमिलनाडु का एक व्यक्ति जिम्मेदार था। अपनी शिकायत में द्रमुक ने कहा कि मंत्री के बयान ने तमिलनाडु के लोगों को चरमपंथी के रूप में प्रचारित किया है। इसलिए चुनाव आयोग को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।


