DAVV Indore: आग की घटना से सहमा विवि प्रशासन, निगमायुक्त से की अवैध गुमटियां हटाने की मांग
DAVV Indore: डीएवीवी की जमीन पर छोटी ग्वालटोली में अवैध रूप से बनाई गई गुमटियों में कुछ दिन पहले लगी थी आग।
By Lokesh Solanki
Publish Date: Thu, 21 Mar 2024 03:29 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 21 Mar 2024 03:29 PM (IST)

DAVV Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। चार दिन पहले हुई आग की घटना के बाद देवी अहिल्या विश्वविद्यालय प्रशासन सहमा हुआ है। ग्वालटोली-आरएनटी मार्ग पर आइल पेंट और गैरेज में आग लगी थी। कुछ दुकानें जलकर खाक हो गई। ये दुकानें विश्वविद्यालय के नालंदा परिसर की बाउंड्री पर बनी हैं। इसी परिसर में विश्वविद्यालय का प्रशासनिक कार्यालय तो है ही, विश्वविद्यालय की प्रेस और अधिकारियों के आवास भी बने हुए हैं। विवि के रजिस्ट्रार अजय वर्मा ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर अवैध गुमटियों को हटाने की मांग की है।
.jpg)
रजिस्ट्रार ने निगमायुक्त को लिखे पत्र में कहा है कि विवि परिसर की जमीन पर बनाई गई अवैध गुमटियों में पेंट, तेल, डीजल और बेट्रियों से जुड़ा कारोबार होता है। यहां अवैध गुमटियां बनाई गई हैं, वहीं पास में ही विवि की प्रेस, अंकेक्षण विभाग भी है। अवैध गुमटियों में आग या हादसे के चलते विवि की संपत्तियों, रिकार्ड को नुकसान की आशंका है। वहीूं, परिसर में रहने वालों की जान का खतरा भी है। रजिस्ट्रार ने निगमायुक्कत से आग्रह किया है कि विवि के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करें।
खंडवा रोड पर भी अतिक्रमण
विवि के खंडवा रोड की जमीन पर भी अतिक्रमण है। हालांकि प्रशासन या निगम विवि की सुनवाई नहीं करता। आइइटी कैंपस के बाहर न केवल पक्के घर बना लिए गए हैं, बल्कि रसूखदार ट्रक पार्क भी करते हैं। देवी अहिल्या विवि ने पुलिस थाने से लेकर पानी की टंकी और रिंग रोड निर्माण के लिए अब तक कई एकड़ जमीन प्रशासन को दान भी की है। हालांकि विवि की मदद के नाम पर न तो प्रशासन, न निगम और न पुलिस आगे आती है।


