Jashpur Information:एक घंटे से अधिक हुई मूसलाधार वर्षा से तर बतर हुआ शहर
द्रोणिका के असर से शहर सहित जिले भर में रविवार की रात और सोमवार को झमाझम बारिश हुई। तेज चमक और गरज के साथ हुई वर्षा से सड़कों में जगह जगह जल भराव की स्थिति बन गई। बेमौसम हुई इस वर्षा गेंहू,आम,लीची और सब्जी की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Tue, 19 Mar 2024 08:17 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 19 Mar 2024 08:17 PM (IST)

जशपुरनगर । द्रोणिका के असर से शहर सहित जिले भर में रविवार की रात और सोमवार को झमाझम बारिश हुई। तेज चमक और गरज के साथ हुई वर्षा से सड़कों में जगह जगह जल भराव की स्थिति बन गई। बेमौसम हुई इस वर्षा गेंहू,आम,लीची और सब्जी की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
शुक्रवार से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा था। आसमान में काले बादल छाए हुए थे। तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदा बांदी होने से मौसम में ठंडक घुल गई थी। सोमवार की रात लगभग 7 बजे,मौसम ने अचानक करवट बदला और तेज आंधी व गरज के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। वर्षा का यह सिलसिला लगभग 1 घंटे तक चलता रहा। मूसलाधार वर्षा से शहर की सड़कों में पानी भर गया।
तेज आंधी के असर से कई स्थानों पर पेड़ों की टहनी टूटने की घटना से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। वहीं,मंगलवार को फरसाबहार,तुमला सहित कई स्थानों पर वर्षा हुई। बेमौसम हो रही इस वर्षा से सबसे अधिक नुकसान सब्जी की फसलों को होने की आशंका जताई जा रही है। विशेष कर,जिले के सन्ना ब्लाक में लगे हुए टमाटर की फसल,मौसम से प्रभावित हो सकती है। सब्जी का उत्पादन,जिले में मांग की अपेक्षा काफी कम होता है। इसकी आपूर्ति के लिए जिला पूरी तरह से झारखंड पर आश्रित है। ऐसे में,लगातार हो रही वर्षा से,सब्जी की महंगाई और बढ़ने की चिंता,उपभोक्ताओं को सता रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विदर्भ और उसके आसपास चक्रवात के सक्रिय है। इसके साथ एक द्रोणिका झारखंड से असम तक सक्रिय है। इस चक्रवात और द्रोणिका के असर से वर्षा हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज 20 मार्च को छत्तीसगढ़ सहित देश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 21 मार्च से अगले 5 दिनों तक तापमान में क्रमिक वृद्वि की संभावना,मौसम विभाग ने जताई है।

