Indore Information: जूनी इंदौर थाने के पीछे पुलिस लाइन की घटना। बच्चों को अस्पताल में किया भर्ती। एक अन्य घटना में पतंग की डोर लूटते समय युवक की करंट लगने से मौत।
Publish Date: Mon, 15 Jan 2024 08:44 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 15 Jan 2024 10:14 PM (IST)
Indore Information: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जूनी इंदौर स्थित पुलिस लाइन में सोमवार को पतंग की डोर निकालने के दौरान दो बच्चों को करंट लग गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 14 वर्षीय नीलेश पुत्र जगदीश दांगी निवासी पुलिस लाइन और 14 वर्षीय विवेक पुत्र मुलायम सिंह पाइप से बिजली के तार से डोर निकाल रहे थे। इसी दौरान पाइप हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे दोनों बच्चों को करंट लग गया। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल किया है। नीलेश यहां अपने चाचा राजेश के साथ रहता है। राजेश ग्रामीण डीआइजी कार्यालय में पदस्थ है। वहीं, विवेक के पिता जूनी इंदौर थाने में सेवाएं दे रहे हैं।
पिता के साथ जा रहा बच्चा चाइना डोर से घायल
उधर, केट चौराहे पर शौमिक पुत्र सचिन भावसार दोपहिया वाहन से पिता के साथ अन्नपूर्णा से आ रहा था। तभी अचानक चाइनीज डोर आ गई, जिससे शौमिक को आंख के पास चोट आई है। गनीमत रही कि समय पर गाड़ी रोक ली गई।
पतंग की डोर लूटते समय लगा करंट, युवक की मौत
इंदौर। शहर में पतंग की डोर लूटते समय एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मामला हीरानगर थाना क्षेत्र के आइटीआइ चौराहे का है। गौरीनगर निवासी 28 वर्षीय अशोक कुशवाह अपने मामा की दुकान पर काम करता था। वह दुकान पर था। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर पतंग की डोर देखी। वह डोर के लिए दूसरी मंजिल पर पहुंचा तो हाई टेंशन लाइन चपेट में आकर झुलस गया। उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।