Bilaspur Information: मंगला में तार टूटा, करंट से कुत्ते की मौत

तीन दिन से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। शाम होते ही गरज के साथ तेज हवा चलती है। इसके बाद जमकर वर्षा होती है। मंगलवार को भी यही हुआ।नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर।

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Wed, 20 Mar 2024 12:43 AM (IST)

Up to date Date: Wed, 20 Mar 2024 12:43 AM (IST)

Bilaspur News: मंगला में तार टूटा, करंट से कुत्ते की मौत
चपेट में आने से एक कुत्ते की मौत हो गई

HighLights

  1. जेपी वर्मा कालेज के सामने भी तार टूटने की घटना
  2. ट्रांसफार्मर पर गिरी पेड़ की डाल
  3. पेड़ की डाल टूटकर गिरने बिजली सप्लाई ठप

नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। अंधड़ व आकाशीय बिजली के चलते शहर में दूसरे दिन मंगलवार को भी बिजली बंद की समस्या से उपभोक्ता जूझते रहे। मंगला महर्षि स्कूल रोड स्थित जैन मंदिर के पास तार टूटकर एक कार पर गिर गया। तार का कुछ हिस्सा जमीन पर था, जिसमें करंट प्रभावित था। इसकी चपेट में आने से एक कुत्ते की मौत हो गई। वहीं जेपी कालेज के सामने भी तार टूटने की घटना हुई। इसके अलावा राजा बाड़ा ट्रांसफार्मर के ऊपर पेड़ की डाल टूटकर गिरने बिजली सप्लाई ठप हो गई।

तीन दिन से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। शाम होते ही गरज के साथ तेज हवा चलती है। इसके बाद जमकर वर्षा होती है। मंगलवार को भी यही हुआ। जैसे ही मौसम बदला सबसे पहले बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। शहर के अधिकांश क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। इससे उपभोक्ता हड़बड़ा गए और लगातार फोन घनघनाकर बिजली बंद की सूचना देने लगे। जानकारी मिलने के बाद जब अमला मौके पर पहुंचा तो कुछ क्षेत्रों में छुटपुट खराबी रही तो कई जगहों पर बड़ी समस्या सामने आई। जेपी कालेज के सामने तार टूटकर जमीन पर पड़ा हुआ था। इस घटना के चलते भारतीय नगर फीडर बंद रहा और इससे जिन- जिन क्षेत्रों में सप्लाई होती है, वहां अंधेरा छाया रहा। घंटों मशक्कत के बाद टूटे तार को जोड़ा गया, तब जाकर फीडर चालू हुआ और बिजली सप्लाई सुचारू हुई। हालांकि इस एक जगह की मरम्मत से कर्मचारियों को राहत नहीं मिली। मंगला स्थित राजा बाड़ा ट्रांसफार्मर के ऊपर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई थी। इसके चलते ब्रेक डाउन हो गया। आदर्श चौक में तकनीकी खराबी के कारण बिजली सप्लाई ठप रही। इन क्षेत्रों के अलावा महर्षि स्कूल रोड में जैन मंदिर के पास बिजली तार टूटकर सीधे एक कार के ऊपर जा गिरा। तार में करंट प्रभावित था। इसके चलते एक कुत्ते की मौत हो गई। इस घटना से उपभोक्ता दहशत में आ गए। उन्होंने तत्काल बिजली कंपनी को इसकी जानकारी दी। सरकंडा, तेलीपारा, श्रीकांत वर्मा मार्ग समेत कई क्षेत्रों में घंटों बिजली बंद रही।

सूचना के बाद अमला समय पर नहीं पहुंचा

तार टूटने और करंट से कुत्ते की मौत की जानकारी रहवासियों ने नेहरू नगर फ्यूज काल सेंटर को दी। इसके बाद भी समय पर कोई नहीं पहुंचा। इस स्थिति में उपभोक्ताओं ने एई कैलाश देवांगन के मोबाइल पर काल कर सूचना देने की कोशिश की। लेकिन, उन्होंने काल ही रिसीव नहीं किया। जिससे उपभोक्ताओं खासा नाराजगी दिखी। उपभोक्ताओं का कहना है कि टूटे तार में करंट था। इसके बाद भी बिजली कंपनी गंभीरता से नहीं लिया। यह पहली बार नहीं है। हर बार जानकारी देने के बावजूद बिजली कंपनी का सुधार दल समय पर नहीं पहुंचता।