योगी आदित्यनाथ अपनी सरकार का मंत्रिमंडल 6 मार्च तक कर सकते हैं। योगी आदित्यनाथ का रविवार को गोरखपुर व आजमगढ़ में कार्यक्रम है।
By Anurag Mishra
Publish Date: Solar, 03 Mar 2024 09:23 PM (IST)
Up to date Date: Solar, 03 Mar 2024 10:25 PM (IST)
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। योगी आदित्यनाथ अपनी सरकार का मंत्रिमंडल 6 मार्च तक कर सकते हैं। योगी आदित्यनाथ का रविवार को गोरखपुर व आजमगढ़ में कार्यक्रम है। उसके बाद सोमवार-मंगलवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का मथुरा-आगरा में कार्यक्रम होने की वजह से वह उपलब्ध नहीं हो पाएंगी, इसलिए शपथ ग्रहण समारोह 6 मार्च को होने की संभावना है।
यह माना जा रहा कि इस कैबिनेट विस्तार में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर, भाजपा नेता दारा सिंह चौहान व हाल ही में एनडीए का हिस्सा बनी आरएलडी को भी जगह मिल सकती है। उसके साथ भाजपा अपने कुछ नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह दे सकती है।
मंत्री पद न मिलने पर जताई थी नाराजगी
राजभर को एनडीए में शामिल हुए कई दिन हो गए हैं, लेकिन उन्हें अभी तक मंत्री पद नहीं दिया गया है। वह इसको लेकर अपनी नाराजगी भी मीडिया में जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि मैं राजपाठ मिलने का इंतजार कर रहा हूं। अभी तक वह नहीं हो पाया है। अब जब तक वह नहीं होता है, तब तक मैं होली नहीं मनाऊंगा।
योगी से संबंध ठीक करने में लगे राजभर
भाजपा ने जब उनको एनडीए का दुबारा हिस्सा बनाया था, तब उन्होंने कहा था कि उन्हें तुरंत मंत्री पद दिया जाए। केंद्रीय नेतृत्व ने इस बात पर हामी भी भर दी थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने अपना वीटो लगा दिया था। उन्होंने नाराजगी जताते हुए ओमप्रकाश राजभर को अपनी कैबिनेट का हिस्सा नहीं बनाया था। उसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने ओमप्रकाश राजभर को कहा कि वह सीएम योगी से अपने संबंधों को ठीक करें, इसलिए 2022 से वह सीएम योगी से अपने रिश्तों को मधुर बना रहे हैं।






