Bilaspur Information: पल्स पोलियो अभियान, बच्चों ने पी दो बूंद खुराक, आए सुरक्षा घेरे में

Bilaspur Information: पल्स पोलियो अभियान, बच्चों ने पी दो बूंद खुराक, आए सुरक्षा घेरे में

वैसे तो भारत पोलियो मुक्त राष्ट्र बन चुका है, लेकिन इसके बाद भी पड़ोसी देश पाकिस्तान और बांग्लादेश में बड़े पैमाने में पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं।

By Manoj Kumar Tiwari

Publish Date: Mon, 04 Mar 2024 06:20 PM (IST)

Up to date Date: Mon, 04 Mar 2024 06:20 PM (IST)

HighLights

  1. सुबह से जिलेभर के टीकाकरण बूथों में उमड़ी बच्चों की भीड़
  2. पहले दिन लगभग डेढ़ लाख से ज्यादा बच्चों का पिलाया गया ड्राप
  3. आज और कल घर-घर दी जाएगी दस्तक

नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर। राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत रविवार की सुबह शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का अभियान शुरू किया गया। पहले दिन जिलेभर में डेढ़ लाख से ज्यादा बच्चों को यह ड्राप पिलाकर सुरक्षा घेरे में लाया गया है। वहीं अब आने वाले दो दिनों तक घर-घर जाकर छूटे बच्चों को यह ड्राप पिलाकर पोलिया की हर आशंका को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा। जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के दो लाख 77 हजार 853 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य महकमा ने जिलेभर में 1,490 टीकाकरण बूथ बनाए गए और हर केंद्र में नर्सिंग स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिनों की ड्यूटी लगाकर पहुंचने वाले हर बच्चों को यह ड्राप पिलाया गया है।

इस अभियान का शुभारंभ सुबह नौ बजे परसदा के स्वास्थ्य केंद्र में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के हाथों से कराया गया। उन्होंने इस दौरान बच्चे को पल्स पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाई। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा न छूटे के तहत से यह ड्राप सभी बच्चों को पिलाई जाए। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक यह अभियान चला। खास बात यह देखने को मिली कि अभिभावक भी अपने बच्चों को ड्राप पिलाने के लिए काफी जागरूक दिखे। इसी वजह से शहरी क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए टीकाकरण केंद्र में सुबह से ही भीड़ रही। वही कार्यकर्ता भी पूरी मुस्तैदी से अभियान का संचालन करते रहे। हालांकि इस अभियान में कितने बच्चों को दवा पिलाई गई है कि इसके पुष्ट आंकड़े रात तक दुरुस्त होते रहे। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि डेढ़ लाख से ज्यादा बच्चों को दवा पिलाई गई है। आंकड़े पुष्ट होने के बाद बचे हुए बच्चों की सूची के हिसाब से स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिनों और आंगनबाड़ी केंद्र प्रभारियों को घर-घर भेजकर दवा पिलाने का काम किया जाएगा।

बाक्स

सीएमएचओ ने किया टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण

वैसे तो इस कार्यक्रम को चलाने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई है। प्रशासन स्तर पर कलेक्टर अवनीश शरण भी इसकी मानिटरिंग करते रहे और स्वास्थ्य को साफ निर्देशित किया कि ड्राप पिलाने के कार्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। इन बातों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सुबह से सक्रिय रहे। अपने-अपने क्षेत्र के टीकाकरण केंद्र में जाकर अभियान का जायजा लेते रहे। सीएमएचओ डा़ अनिल श्रीवास्तव ने भी शहरी क्षेत्र में बनाए गए केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे सिटी डिस्पेंसरी, जिला अस्पताल के साथ ही शहर से लगे केंद्रों में पहुंचे और अभियान का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

आज और कल घर-घर दी जाएगी दस्तक

अभियान तीन दिनों का है। रविवार को पहले दिन जिले के सरकारी अस्पताल, निजी अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से ड्राप पिलाने का काम किया गया है। जिले में कुल दो लाख 77 हजार 853 बच्चों को ड्राप पिलाना है। ऐसे में सोमवार और मंगलवार को घर-घर दस्तक देकर इस काम को पूरा किया जाएगा। सीएमएचओ अनिल श्रीवास्तव ने इसके लिए मैदानी स्वास्थ्य अमला को सक्रिय कर दिया है। साफ किया गया है कि दो दिन के भीतर लक्ष्य के अनुरूप दवा का सेवन कराया जाए।

इसलिए है जरूरी

वैसे तो भारत पोलियो मुक्त राष्ट्र बन चुका है, लेकिन इसके बाद भी पड़ोसी देश पाकिस्तान और बांग्लादेश में बड़े पैमाने में पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। उनके माइग्रेट होने की आशंका को दरकिनार नहीं किया जा सकता। पोलियो मुक्त होने के बाद भी एक-दो मामले पोलियो के सामने आ चुके हैं। ऐसे में पोलियो की हर आशंका को दूर करने के लिए समय-समय पर पल्स पोलियो सघन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि देश की भावी पीढ़ी को इस गंभीर बीमारी से मुक्त रखा जा सके।

  • ABOUT THE AUTHOR

    वर्ष 2010 में गुरु घासीदास विश्‍वविद्यालय, बिलासपुर से ग्रेजुएशन किया है। तत्पश्चात शिक्षा एवं कार्य को आगे बढ़ते हुए मैं दैनिक प्रजापति, इवनिंग टाइम्स एवं लोकस्वर में पत्रकारिता करियर की शुरुआत की 2012—13 मैंन