Indore RTO: परिवहन विभाग का सर्वर दो माह में 22 दिन बंद रहा, इंदौर में हजारों आवेदन लंबित

Indore RTO: सर्वर की परेशानी से सर्वाधिक प्रभावित हो रहे लाइसेंस बनवाने वाले आवेदक।

By Hemraj Yadav

Publish Date: Fri, 08 Mar 2024 08:06 PM (IST)

Up to date Date: Fri, 08 Mar 2024 08:06 PM (IST)

Indore RTO: परिवहन विभाग का सर्वर दो माह में 22 दिन बंद रहा, इंदौर में हजारों आवेदन लंबित

Indore RTO: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय इंदौर की वेबसाइट का सर्वर डाउन होने की वजह से विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। हजारों आवेदक नायता मुंडला स्थित कार्यालय पहुंचने के बाद काम नहीं होने से निराश होकर लौट रहे हैं। पांच दिन से सारथी पोर्टल पूरी तरह से बंद है, जबकि वाहन पोर्टल धीमी गति से चल रहा है। गत दो माह में 22 दिन परिवहन विभाग का सर्वर ठप रहा है। इस वजह से लाइसेंस बनवाने, नवीनीकरण कराने, ट्रांसफर और फाइनेंस जैसे 10 हजार के करीब आवेदन लंबित हैं।

naidunia_image

परिवहन विभाग में रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, परमिट और लाइसेंस जैसे सभी तरह के आवेदन आनलाइन हो रहे हैं। इन आवेदनों की अप्रूवल भी अधिकारी आनलाइन ही करते हैं। ऐसे में सर्वर ठप होने से आवेदनों का निराकरण नहीं हो पा रहा है। नायता मुंडला स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में सोमवार से ही सार्थक पोर्टल बंद है। इस वजह से लाइसेंस के आवेदन का काम पूरी तरह से बंद है। यहां प्रतिदिन करीब 400 लर्निंग और करीब 300 आवेदन परमानेंट लाइसेंस के जमा होते हैं। सर्वर डाउन होने से ये आवेदन नहीं हो पा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि दो माह से लगातार विभाग का सर्वर ठप हो रहा है।

लगातार 15 दिन बंद रहा सर्वर

फरवरी माह में परिवहन विभाग का सर्वर एक पखवाड़े से अधिक समय ठप रहा था। इसमें सारथी और वाहन पोर्टल दोनों ही बंद रहे। हालांकि वाहन पोर्टल पर धीमी गति से काम शुरू हो गया था। मुख्यालय स्तर से सर्वर को ठीक किया गया। अब फिर से सर्वर ठप हो चुका है। सर्वर को ठीक करने वाले तकनीशियन इंदौर में मौजूद नहीं हैं।

प्रतिमाह करीब 70 हजार आवेदन

प्रदेश में सर्वाधिक राजस्व देने वाले क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय इंदौर में प्रतिमाह करीब 70 हजार आवेदन जमा किए जाते हैं। सर्वर की परेशानी के कारण अधिकारी इन आवेदनों में आनलाइन अप्रूवल नहीं कर पा रहे। इस वजह से लगातार पेंडेंसी बढ़ती जा रही है। करीब 15 हजार लाइसेंस प्रिंट करना बाकी हैं।

  • ABOUT THE AUTHOR

    1993 में नवभारत इंदौर में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में करियर शुरू किया। इसके बाद 1995 में दैनिक भास्कर में प्रूफ रीडर के तौर पर ज्वाइन किया। 1995 में ही सांध्य दैनिक अग्निबाण में भी पेजमेकर के रूप में सेवाएं दी।