Seoni Information: खैरापलारी में खेत पर काम कर रहे युवक पर गिरा बिजली का तार, करंट से हो गई मौत
Seoni Information: युवक के परिजनों और किसानों ने बिजली कंपनी के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर लगाया जाम।
By Prashant Pandey
Publish Date: Mon, 11 Mar 2024 05:16 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 11 Mar 2024 05:22 PM (IST)

HighLights
- करीब आधे घंटे तक आक्रोशित लोग सड़क पर डटे रहे।
- पुलिस व बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी।
- किसान के एकत्रित हो जाने से यहां काफी देर तक बसों का आना-जाना बंद रहा।
Seoni Information: सिवनी। सिवनी जिले की पलारी पुलिस चौकी अंतर्गत खैरापलारी निवासी एक युवक की सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से मृतक के स्वजनों, क्षेत्र के किसानों व रहवासियों ने विद्युत वितरण कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगाए। साथ ही आक्रोश में आकर पलारी बस स्टैंड में जाम लगा दिया।
उन्होंने इस मामले में दोषी अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। करीब आधे घंटे तक आक्रोशित लोग सड़क पर डटे रहे। पुलिस व बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी। इसके बाद ग्रामीण, किसान शांत हुए।
पुलिस ने बताया कि खैरापलारी निवासी शिवम पुत्र राजकुमार ठाकुर (24) सोमवार को सुबह रेस्ट हाउस के पीछे स्थित अपने खेत में कृषि कार्य के लिए गया था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजरी बिजली लाइन का तार टूट कर शिवम ठाकुर के ऊपर जा गिरा। इससे जोरदार करंट लगने के कारण शिवम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
युवक की दर्दनाक मौत से क्षेत्र के किसान अत्यधिक आक्रोशित हो गए व विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी कर्मचारी की इस लापरवाही के चलते सभी किसान पलारी बस स्टैंड में एकत्रित हो गए और कार्रवाई को लेकर मांग की। बड़ी संख्या में किसान के एकत्रित हो जाने से यहां काफी देर तक बसों का आना-जाना बंद रहा। मार्गों पर जाम लगने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है।

घटना के बाद ग्रामीणों का कहना था कि खेत के ऊपर से गुजरी बिजली लाइन को हटाए जाने व कभी भी इस प्रकार की कोई घटना घट जाए इसकी सूचना भी पूर्व में बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को लिखित में भी दी गई थी। इसके बावजूद भी किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके कारण ही सोमवार को बिजली का तार टूट कर गिरा और युवक की दर्दनाक मौत हो गई।


