Shivpuri Information: रात के अंधेरे में तहसील परिसर में स्थापित हुई अंबेडकर प्रतिमा, किसी को कानों-कान नहीं हुई खबर
Shivpuri Information:खनियाधाना तहसील परिसर में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा डा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई।
By anil tomar
Publish Date: Solar, 10 Mar 2024 10:58 AM (IST)
Up to date Date: Solar, 10 Mar 2024 10:58 AM (IST)

HighLights
- प्रशासन ने हटवाई तो भीम आर्मी ने जताया विरोध
- झुका प्रशासन अब फिर से विधिवत स्थापित होगी प्रतिमा
Shivpuri Information:खनियाधाना.शिवपुरी. नईदुनिया प्रतिनिधि। खनियाधाना तहसील परिसर में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा डा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। सुबह जब प्रशासन को इस बात की जानकारी लगी तो अवैधानिक रूप से स्थापित की गई बाबा साहब की प्रतिमा को मौके से हटवाया गया। प्रतिमा हटवाने पर भीम आर्मी ने विरोध दर्ज करवाते हुए प्रदर्शन किया तो अधिकारी उनके सामने झुक गए। अंतत: अधिकारी अंबेडकर प्रतिमा को स्थापित करने के लिए तैयार हो गए, इसके बाद भीम आर्मी के लोगों ने तहसील परिसर में एक चबूतरा बनवा दिया है, जिस पर प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह जब खनियाधाना के लोग सुबह की सैर पर निकले तो देखा कि तहसील परिसर में डा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगी हुई है, जबकि शुक्रवार की रात तक यहां कोई प्रतिमा नहीं थी। मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई, जिस पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इस प्रतिमा को हटवा कर खनियाधाना नगर परिषद में सुरक्षित रखवा दिया। जब भीम आर्मी के लोगों को इस बात का पता चला कि तहसील परिसर में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्थापित की गई प्रतिमा अधिकारियों ने हटवा दी है तो वह तहसील परिसर में पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। उक्त लोगों का कहना था कि खनियाधाना में कहीं भी बाबा साहब की प्रतिमा नहीं है। अगर यहां पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित हो जाएगी तो क्या गलत हो जाएगा। इस पर अधिकारियों ने उन्हें बताया कि किसी भी प्रतिमा को स्थापित करने से पहले कलेक्टर की अनुमति लगती है, आप पहले अनुमति लेकर आओ। इस पर विरोध कर रहे लोगों ने अधिकारियों को यह तक बता दिया कि तहसील परिसर में पार्क बनना है और उसमें महापुरूष की प्रतिमा भी स्थापित होना है। अगर बाबा साहब की प्रतिमा लग जाएगी तो क्या बुराई है। अंतत: प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों के समक्ष झुक गए और भीम आर्मी के लोगों ने तहसील परिसर में ही बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करने के लिए चबूतरा तैयार कर लिया है। अब यहां पर अवैधानिक रूप से स्थापित की गई प्रतिमा को वैधानिक रूप से स्थापित किया जाएगा।
-तहसील स्तरीय समिती ने खनियाधाना तहसील परिसर में एक पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव पास किया था। उसमें किसी महापुरूष की प्रतिमा स्थापित करनी है। अब यह निर्णय लिया गया है कि जो प्रतिमा रात में अज्ञात लोगों ने स्थापित कर दी है, उसकी प्रतिमा को विधिवत स्थापित किया जाएगा
जेपी गुप्ता, एसडीएम, पिछोर
-जिन लोगों ने रात के अंधेरे में अवैधानिक रूप से तहसील परिसर में प्रतिमा स्थापित की है, उन लोगों का पता लगाने और उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के लिए मेरे द्वारा पुलिस को पत्र लिखा गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कैलाश मालवीय, तहसीलदार, खनियाधाना
-हमारे द्वारा प्रशासन, शासन, नेताओं,अधिकारियों सभी से बाबा साहब की मूर्ति स्थापित करने के मांग पिछले 10 सालो से की जा रही है। मगर किसी भी राजनैतिक नेता द्वारा हमारी कोई मांग नही सुनी गई। आज किसी व्यक्ति द्वारा मूर्ति स्थापित की गई है तो मूर्ति वही स्थापित रहेगी।
जसरथ जाटव, विधानसभा प्रभारी भीम आर्मी


